Written By Ashutosh Ojha
Written By Ashutosh Ojha
Edited by Ashutosh Ojha |Published: Oct 10, 2025, 06:41 PM (IST)
Software Updates
आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन यूजर्स नए सॉफ्टवेयर अपडेट के बाद शिकायत करते हैं कि उनका फोन पहले जैसा फास्ट नहीं रहा। Apple और Android दोनों प्लेटफॉर्म पर ये शिकायत आम है। हाल ही में Apple ने iOS 26 अपडेट जारी किया है और Android 16 भी कई डिवाइस के लिए रोल आउट हो चुका है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या सच में फोन अपडेट करने से वह स्लो हो जाता है या यह सिर्फ एक मिथक है। विशेषज्ञों का कहना है कि नए अपडेट का मुख्य उद्देश्य फोन की सुरक्षा बढ़ाना, बग्स को ठीक करना और नए फीचर्स जोड़ना होता है।
हर नया सॉफ्टवेयर अपडेट अपने साथ नए फीचर्स और ग्राफिक्स इंप्रूवमेंट्स लेकर आता है। उदाहरण के लिए बेहतर कैमरा फीचर्स, नई एनिमेशन और सुरक्षा पैच अपडेट, लेकिन इन नई सुविधाओं के लिए प्रोसेसर और रैम की अधिक जरूरत होती है। पुराने फोन जिनमें प्रोसेसर थोड़ा कमजोर होता है या रैम कम होती है, उनके लिए नए अपडेट सिस्टम पर ज्यादा लोड डाल सकते हैं। इससे यूज़र्स को लगता है कि उनका फोन धीरे चल रहा है। दरअसल यह बिल्कुल सामान्य है क्योंकि पुराने हार्डवेयर को नए सॉफ्टवेयर के अनुसार खुद को एडजस्ट करना पड़ता है।
कई बार ऐसा भी होता है कि अपडेट के तुरंत बाद फोन स्लो महसूस होता है क्योंकि सिस्टम को नई फाइल्स और ऐप्स को री-ऑप्टिमाइज करना पड़ता है। ये प्रक्रिया कई दिनों तक चल सकती है। इस दौरान फोन की परफॉर्मेंस पहले जैसी फास्ट नहीं लगती। कंपनियां जानबूझकर फोन को स्लो नहीं करती हैं। Apple और Samsung जैसी दिग्गज कंपनियां हमेशा कहती रही हैं कि उनके अपडेट का मकसद फोन की लाइफ बढ़ाना और सुरक्षा को मजबूत करना होता है। अपडेट के बाद थोड़ी स्लो परफॉर्मेंस अस्थायी होती है और यह समय के साथ ठीक हो जाती है।
इसलिए अगर आपका फोन अपडेट के बाद थोड़ा स्लो लग रहा है तो घबराने की जरूरत नहीं है। आप फोन को एक बार रिस्टार्ट कर सकते हैं और बैकग्राउंड ऐप्स को बंद करके भी परफॉर्मेंस सुधार सकते हैं। यह भी ध्यान रखें कि नए अपडेट पुराने फोन के लिए थोड़ा भारी हो सकते हैं लेकिन सुरक्षा और नई सुविधाओं के लिए यह जरूरी है। यूजर्स को धैर्य रखना चाहिए और समझना चाहिए कि अपडेट फोन की लंबी लाइफ और सुरक्षा के लिए होते हैं, न कि जानबूझकर स्लो करने के लिए।