Written By Ashutosh Ojha
Published By: Ashutosh Ojha | Published: Apr 10, 2026, 12:15 PM (IST)
आजकल गैस सिलेंडर की कमी और लगातार बढ़ती कीमतों की वजह से इंडक्शन चूल्हों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ गया है, खासकर शहरी इलाकों में लोग अब किचन में इंडक्शन को एक आसान और सस्ता ऑप्शन मानने लगे हैं। कई जगहों पर तो सिलेंडर की सप्लाई कम होने के कारण इंडक्शन की मांग तीन से चार गुना तक बढ़ गई है। इंडक्शन बिजली से चलता है और जल्दी खाना बनाने में मदद करता है, इसलिए यह लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है, लेकिन इसके सही इस्तेमाल की जानकारी न होने के कारण कई बार लोग कुछ गलतियां कर देते हैं, जो नुकसानदायक साबित हो सकती हैं।
इंडक्शन का गलत इस्तेमाल करने से न सिर्फ बिजली का बिल बढ़ सकता है, बल्कि डिवाइस की लाइफ और सुरक्षा पर भी असर पड़ता है, बहुत से लोग सबसे बड़ी गलती यह करते हैं कि पहले इंडक्शन चालू कर देते हैं और बाद में उस पर बर्तन रखते हैं। यह तरीका सही नहीं माना जाता, क्योंकि इससे मशीन पर दबाव पड़ता है और नुकसान हो सकता है। इसके अलावा बर्तन को हमेशा इंडक्शन पर बने रिंग के बीच में रखना चाहिए, ताकि गर्मी सही तरीके से मिले और खाना समान रूप से पक सके।
एक और बड़ी गलती जो लोग करते हैं वह है इंडक्शन को सही जगह पर न रखना। इंडक्शन को हमेशा हवादार जगह पर रखना जरूरी होता है क्योंकि इसमें एक अंदरूनी फैन होता है जो गर्म हवा को बाहर निकालता है। अगर हवा का सही फ्लो नहीं होगा तो मशीन ओवरहीट हो सकती है और खराब भी हो सकती है, साथ ही इसके वेंटिलेशन एरिया को कभी भी ब्लॉक नहीं करना चाहिए।
इसके अलावा गीले हाथों से इंडक्शन चलाना भी एक बड़ी गलती है। इससे बिजली का झटका लगने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए हमेशा सूखे हाथों से ही इसका इस्तेमाल करना चाहिए, साथ ही लोग अक्सर हर काम के लिए एक ही हाई पावर सेटिंग का इस्तेमाल करते हैं, जो सही नहीं है। अलग-अलग खाने के लिए अलग पावर लेवल सेट करना जरूरी होता है, वरना ज्यादा बिजली खर्च होती है और खाना भी सही तरीके से नहीं बनता।