Written By Ashutosh Ojha
Written By Ashutosh Ojha
Edited by Ashutosh Ojha |Published: Oct 28, 2025, 01:03 PM (IST)
Grokipedia
टेक्नोलॉजी के दिग्गज एलन मस्क ने एक बार फिर इंटरनेट जगत में तहलका मचा दिया है। उन्होंने अपनी नई AI आधारित ऑनलाइन एनसाइक्लोपीडिया ‘Grokipedia’ लॉन्च की है, जिसे पूरी तरह xAI के चैटबॉट Grok द्वारा संचालित किया जा रहा है। एलन मस्क का कहना है कि यह प्लेटफॉर्म ‘सच्चाई’ पर आधारित होगा और Wikipedia से ज्यादा भरोसेमंद जानकारी देगा। फिलहाल इसका पहला वर्जन v0.1 लाइव हो चुका है। वेबसाइट पर जाकर कोई भी यूजर किसी भी विषय पर सर्च कर सकता है और आर्टिकल पढ़ सकता है। हालांकि इस समय यूजर्स को इसमें बदलाव या जानकारी जोड़ने की अनुमति नहीं है सब कुछ Grok खुद मैनेज करता है।
एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी लॉन्चिंग की घोषणा की और कहा कि यह सिर्फ शुरुआती वर्जन है। उन्होंने दावा किया, ‘Version 1.0 दस गुना बेहतर होगा लेकिन अभी भी यह Wikipedia से बेहतर है’ एलन मस्क ने आगे बताया कि यह पूरी तरह ओपन-सोर्स है और इसे कोई भी व्यक्ति फ्री में इस्तेमाल कर सकता है। यह कदम Wikipedia की लोकप्रियता को सीधी चुनौती दे सकता है क्योंकि अभी बहुत से ऐप्स, वेबसाइट्स और यहां तक कि AI चैटबॉट्स भी Wikipedia के डेटा पर निर्भर हैं। एलन मस्क ने यह भी बताया कि उनका चैटबॉट Grok अब Wikipedia को स्रोत के रूप में इस्तेमाल करना बंद कर देगा।
फिलहाल Grokipedia एक बहुत साधारण वेबसाइट है, जिसमें सिर्फ एक बड़ा सर्च बार दिखता है। यूजर यहां किसी भी विषय को टाइप कर आर्टिकल पढ़ सकते हैं। वेबसाइट पर अभी लगभग 8,85,000 आर्टिकल अपलोड किए जा चुके हैं, जिनमें दुनिया भर के प्रमुख विषयों को शामिल किया गया है। Wikipedia से अलग, यूजर्स खुद जानकारी एडिट नहीं कर सकते, लेकिन Grok से बदलाव का अनुरोध जरूर कर सकते हैं। यानी यह पूरी तरह AI-केंद्रित प्लेटफॉर्म है, जहां इंसानों की भूमिका फिलहाल सीमित है। एलन मस्क का उद्देश्य है कि भविष्य में यह साइट सटीक और निष्पक्ष जानकारी का सबसे विश्वसनीय स्रोत बने।
लॉन्च के कुछ घंटे बाद ही Grokipedia विवादों में आ गया। The Verge की रिपोर्ट के अनुसार, कई आर्टिकल्स में Wikipedia की जानकारी को कॉपी या थोड़ा-बहुत एडिट कर इस्तेमाल किया गया है। कुछ पेजों पर तो ‘The content is adapted from Wikipedia’ का नोटिस भी दिया गया है। Wikimedia Foundation की प्रवक्ता लॉरेन डिकिन्सन ने कहा, ‘Wikipedia की ताकत उसकी पारदर्शिता और हजारों वॉलंटियर्स की मेहनत में है। यही मानव-निर्मित ज्ञान है, जिस पर आज AI कंपनियां निर्भर हैं। यहां तक कि Grokipedia को भी Wikipedia की जरूरत पड़ रही है।’
अब देखना होगा कि एलन मस्क का यह नया प्रोजेक्ट भविष्य में Wikipedia को पछाड़ पाता है या खुद विवादों में उलझकर रह जाएगा।