Written By Ashutosh Ojha
Written By Ashutosh Ojha
Edited By: Ashutosh Ojha| Published By: Ashutosh Ojha| Published: May 25, 2026, 12:36 PM (IST)
Sleep Mode रात में आरामदायक नींद के लिए बनाया गया फीचर है। जब आप इसे ऑन करते हैं तो AC धीरे-धीरे तापमान बढ़ाता रहता है, ताकि कमरे में जरूरत से ज्यादा ठंडक न हो। इससे शरीर को अचानक ठंड नहीं लगती और रात में बार-बार नींद खुलने की समस्या भी कम होती है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस मोड में कंप्रेसर लगातार फुल स्पीड पर नहीं चलता, जिससे बिजली की खपत कम हो जाती है। गर्मियों में पूरी रात AC चलाने वालों के लिए यह मोड काफी फायदेमंद माना जाता है।
Turbo Mode तब काम आता है जब कमरा बहुत ज्यादा गर्म हो और आपको तुरंत ठंडक चाहिए, जैसे दोपहर में बाहर से घर लौटने पर कमरा काफी गर्म महसूस होता है, तब Turbo Mode AC को कुछ समय के लिए फुल पावर पर चला देता है। इससे कमरा सामान्य मोड की तुलना में जल्दी ठंडा हो जाता है। हालांकि इसे लंबे समय तक इस्तेमाल नहीं करना चाहिए क्योंकि इसमें बिजली की खपत ज्यादा होती है। कमरा ठंडा होने के बाद सामान्य या Eco Mode पर स्विच करना बेहतर रहता है।
Swing Mode AC की हवा को एक ही जगह फेंकने के बजाय पूरे कमरे में फैलाने का काम करता है। इसमें AC के फ्लैप ऊपर-नीचे या दाएं-बाएं घूमते रहते हैं, जिससे हर कोने तक ठंडी हवा पहुंचती है। अगर Swing Mode बंद हो तो हवा सिर्फ एक दिशा में जाती है और कमरे का कुछ हिस्सा ज्यादा ठंडा जबकि बाकी हिस्सा गर्म रह सकता है। यह फीचर खासकर बड़े कमरों में काफी यूजफुल होता है क्योंकि इससे कमरे के हर कोने में एक जैसी कूलिंग मिलती है।
Eco Mode उन लोगों के लिए बेहद यूजफुल है जो रोज कई घंटों तक AC चलाते हैं। इस मोड में AC स्मार्ट तरीके से कंप्रेसर की स्पीड कंट्रोल करता है ताकि कम बिजली खर्च हो। शुरुआत में कूलिंग थोड़ी धीमी लग सकती है, लेकिन कुछ समय बाद कमरा आरामदायक तापमान पर पहुंच जाता है, लगातार फुल पावर पर चलने की बजाय AC जरूरत के हिसाब से काम करता है, जिससे बिजली का बिल कम आता है।
AC Modes
Dry Mode खासतौर पर उमस भरे मौसम के लिए बनाया गया है। मानसून या चिपचिपी गर्मी में कई बार तापमान ज्यादा नहीं होता, लेकिन हवा में नमी बहुत होती है जिससे बेचैनी महसूस होती है। Dry Mode कमरे की अतिरिक्त नमी को कम करता है और हवा को आरामदायक बनाता है। इसमें AC बहुत ज्यादा ठंडक नहीं देता, इसलिए बिजली की खपत भी कम होती है। बारिश के मौसम में यह मोड काफी यूजफुल माना जाता है क्योंकि इससे कमरा फ्रेश और सूखा महसूस होता है।
आजकल के इन्वर्टर AC में Convertible Mode काफी फेमस हो रहा है। इसमें आप जरूरत के हिसाब से AC की क्षमता कम या ज्यादा कर सकते हैं, जैसे 40%, 60% या 100% कूलिंग। अगर मौसम ज्यादा गर्म नहीं है या कमरे में कम लोग हैं तो कम क्षमता पर AC चलाकर बिजली बचाई जा सकती है। वहीं ज्यादा गर्मी या ज्यादा लोगों के होने पर फुल क्षमता इस्तेमाल की जा सकती है। यह फीचर बिजली बचाने के साथ-साथ AC पर अतिरिक्त दबाव भी कम करता है।
Timer Mode एक छोटा लेकिन बेहद काम का फीचर है। इसकी मदद से आप तय कर सकते हैं कि AC कब ऑन होगा और कब बंद। उदाहरण के लिए, रात में सोते समय 2 या 3 घंटे का टाइमर लगा सकते हैं ताकि कमरे के ठंडा होने के बाद AC अपने आप बंद हो जाए। इसी तरह ऑफिस से घर आने से पहले AC को ऑटोमैटिक ऑन करने के लिए भी टाइमर सेट किया जा सकता है। इससे बिजली की बचत होती है और AC बेवजह लंबे समय तक नहीं चलता।
Fan Mode उन दिनों के लिए अच्छा ऑप्शन है जब मौसम हल्का गर्म हो और पूरी कूलिंग की जरूरत न हो। इस मोड में AC सिर्फ पंखे की तरह हवा घुमाता है और कंप्रेसर चालू नहीं होता क्योंकि कंप्रेसर सबसे ज्यादा बिजली खर्च करता है, इसलिए Fan Mode में बिजली की खपत काफी कम होती है। शाम या रात के समय जब तापमान थोड़ा कम हो जाता है, तब इस मोड का इस्तेमाल करके आरामदायक हवा भी मिलती है और बिजली का बिल भी कंट्रोल में रहता है।