Written By Ashutosh Ojha
Edited By: Ashutosh Ojha | Published By: Ashutosh Ojha | Published: May 17, 2026, 01:17 PM (IST)
AI-generated image
महाराष्ट्र में Ola, Uber और Rapido जैसी बाइक टैक्सी सेवाओं को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। राज्य सरकार ने इन कंपनियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए Google और Apple को कानूनी नोटिस भेजा है। सरकार का आरोप है कि ये ऐप्स बिना जरूरी नियमों और मंजूरी के राज्य में बाइक टैक्सी सेवाएं चला रहे हैं। इसके चलते यात्रियों की सुरक्षा को खतरा बढ़ रहा है। महाराष्ट्र साइबर विभाग ने 15 मई को IT ACT की धारा 79(3)(b) के तहत नोटिस जारी किया। इसमें Google Play Store और Apple App Store से इन ऐप्स को हटाने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी भी दी गई है कि अगर आदेश का पालन नहीं किया गया तो आगे कानूनी कार्रवाई हो सकती है, हालांकि फिलहाल Ola, Uber और Rapido तीनों ऐप्स अब भी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।
राज्य सरकार का कहना है कि बाइक टैक्सी कंपनियां जरूरी नियमों का सही तरीके से पालन नहीं कर रही हैं। परिवहन मंत्री Pratap Sarnaik के मुताबिक कई जरूरी सुरक्षा सुविधाएं इन सेवाओं में नहीं हैं। इनमें ड्राइवर वेरिफिकेशन, यात्रियों के लिए इंश्योरेंस, इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम और सुरक्षा मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। सरकार का मानना है कि इन कमियों के कारण यात्रियों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा पर खतरा बढ़ सकता है। पिछले कुछ समय में बाइक टैक्सी से जुड़े हादसों और महिलाओं के साथ बदसलूकी के मामले भी सामने आए हैं, जिससे सरकार की चिंता और बढ़ गई है।
सरकार ने यह भी साफ किया है कि वह पूरी तरह बाइक टैक्सी सेवाओं के खिलाफ नहीं है। महाराष्ट्र में इलेक्ट्रिक बाइक टैक्सी सेवाओं को अनुमति दी गई है, लेकिन कंपनियों को तय नियमों और शर्तों का पालन करना जरूरी होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार ने Ola, Uber और Rapido को जरूरी डॉक्यूमेंट और जानकारी जमा करने के लिए समय दिया था, लेकिन कंपनियां तय समय सीमा के अंदर सभी जरूरी जानकारी उपलब्ध नहीं करा सकीं। इसी वजह से सरकार ने अब सख्त रुख अपनाते हुए टेक कंपनियों Google और Apple तक को नोटिस भेज दिया है।
अगर भविष्य में इन ऐप्स को Play Store और App Store से हटाया जाता है, तो इसका असर लाखों यूजर्स और बाइक टैक्सी ड्राइवर्स पर पड़ सकता है। कई लोग रोजाना सस्ते और तेज सफर के लिए बाइक टैक्सी सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं। वहीं हजारों ड्राइवर्स की कमाई भी इन प्लेटफॉर्म्स पर निर्भर करती है। अब सबकी नजर सरकार और कंपनियों के अगले कदम पर टिकी हुई है। आने वाले दिनों में यह साफ हो पाएगा कि कंपनियां नियमों का पालन करके अपनी सेवाएं जारी रख पाएंगी या फिर महाराष्ट्र में बाइक टैक्सी सेवाओं पर बड़ा असर देखने को मिलेगा।