Written By Ashutosh Ojha
Published By: Ashutosh Ojha | Published: Feb 26, 2026, 11:39 AM (IST)
Motorola ने अपने कुछ चुनिंदा स्मार्टफोन यूजर्स के लिए Android 17 बीटा प्रोग्राम की घोषणा की है। यह प्रोग्राम भारत, अमेरिका, यूरोप, मध्य पूर्व और अफ्रीका (EMEA) क्षेत्रों में उपलब्ध होगा। इस दौरान यूजर्स को Android 17 बीटा वर्जन का टेस्ट करने का मौका मिलेगा। इससे पहले Google ने भी Android 17 बीटा 1 अपडेट को चुनिंदा Pixel डिवाइसेज के लिए जारी किया था, जिसमें Pixel 10 और Pixel 6 सीरीज शामिल हैं। Google Pixel टैबलेट यूजर्स भी इस बीटा प्रोग्राम में शामिल हो सकते हैं। Motorola ने बताया है कि बीटा वर्जन में कुछ बग और समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए इसे टेस्ट करते समय सावधानी बरतनी जरूरी है। और पढें: Android 17 में होगा बड़ा बदलाव, Notifications और Quick Settings अलग दिखेंगे, मिलेगा नया इंटरफेस
Motorola के कम्युनिटी पोस्ट के अनुसार, अमेरिका में Moto Edge 2025 यूजर्स अब Android 17 बीटा 1 अपडेट के लिए रजिस्टर कर सकते हैं, हालांकि सभी रजिस्टर्ड यूजर्स को बीटा वर्जन नहीं मिलेगा। कंपनी केवल चयनित यूजर्स को नोटिफिकेशन भेजकर अपडेट उपलब्ध कराएगी। भारत में Moto G57 Power यूजर्स को भी Android 17 बीटा 1 अपडेट के लिए रजिस्टर करने के लिए कहा गया है। EMEA क्षेत्रों में Moto G57 और Moto G57 Power के यूजर्स भी इस बीटा प्रोग्राम के लिए रजिस्टर कर सकते हैं।
Google ने Pixel 10 और Pixel 6 सीरीज स्मार्टफोन और Pixel टैबलेट के लिए Android 17 बीटा 1 अपडेट जारी किया है। कंपनी ने चेतावनी दी है कि बीटा अपडेट में बग, एरर और बाकी समस्याएं हो सकती हैं। Pixel यूजर्स अपने डिवाइस को बीटा चैनल से निकाल नहीं सकते और न ही पुराने स्थिर वर्जन पर बिना डिवाइस का डेटा मिटाए वापस जा सकते हैं। इसलिए बीटा प्रोग्राम में हिस्सा लेने से पहले यूजर्स को अपने डेटा का बैकअप लेना जरूरी है।
Google के अनुसार, Android 17 का फाइनल वर्जन खासतौर पर फोन की परफॉर्मेंस और सॉफ्टवेयर को बेहतर बनाने पर ध्यान देगा। इससे फोन चलाने का अनुभव और स्मूद होगा, ऐप्स और टास्क जल्दी काम करेंगे और बैटरी भी ज्यादा टिकेगी। इसके अलावा यह वर्जन यूजर को बताएगा कि कौन-सी ऐप्स उनके प्राइवेट डेटा तक पहुंच रही हैं।