Written By Ashutosh Ojha
Published By: Ashutosh Ojha | Published: Feb 16, 2026, 10:33 AM (IST)
Android 17 Beta 1
Google ने Android 17 का पहला पब्लिक बीटा अपडेट जारी कर दिया है, जिससे आम यूजर्स और डेवलपर्स को इसके नए फीचर्स की शुरुआती झलक मिल रही है। कंपनी के मुताबिक यह नया वर्जन परफॉर्मेंस, प्राइवेसी और डेवलपर टूल्स पर खास फोकस करता है। इस बार कंपनी ने एक बड़ा बदलाव भी किया है। पहले जहां नए वर्जन ‘Developer Preview’ के रूप में पेश किए जाते थे, अब उसकी जगह लगातार अपडेट मिलने वाला Canary चैनल लाया गया है। इससे डेवलपर्स को नए फीचर्स जल्दी और नियमित रूप से मिल सकेंगे। Android 17 में सिस्टम को ज्यादा स्मूद और फास्ट बनाने के लिए कई अंदरूनी सुधार किए गए हैं, ताकि यूजर्स को बेहतर और बिना रुकावट वाला अनुभव मिल सके। और पढें: Android 17 Beta 1: इस महीने आ रहा बीटा अपडेट, इन फोन को मिलेगा सपोर्ट
Android 17 Beta 1 में सबसे बड़ा फोकस परफॉर्मेंस ऑप्टिमाइजेशन पर है। कंपनी का कहना है कि इस अपडेट में बैकग्राउंड टास्क मैनेजमेंट को बेहतर बनाया गया है, जिससे ऐप्स कम बैटरी खर्च करें और मल्टीटास्किंग के दौरान भी स्मूद काम करें। सिस्टम-लेवल पर ऐसे बदलाव किए गए हैं, जो ऐप्स को ज्यादा बेहतर तरीके से रन करने में मदद करेंगे। खासकर उन यूजर्स को फायदा होगा जो एक साथ कई ऐप्स इस्तेमाल करते हैं। इसके अलावा पावर एफिशिएंसी में सुधार किया गया है, जिससे डिवाइस की बैटरी लाइफ बेहतर हो सकती है।
प्राइवेसी और सिक्योरिटी के मामले में भी Android 17 Beta 1 में कई अहम बदलाव किए गए हैं। अब यूजर्स को यह साफ दिखाई देगा कि कौन-सी ऐप लोकेशन, माइक्रोफोन या कैमरा जैसे संवेदनशील डेटा का इस्तेमाल कर रही है। मीडिया और कैमरा ऐप्स के लिए प्रोफेशनल-ग्रेड टूल्स जोड़े गए हैं, जिनमें बेहतर ऑडियो कंट्रोल और स्टैंडर्डाइज्ड लाउडनेस जैसे फीचर्स शामिल हैं। इसके साथ ही Versatile Video Coding (VVC) स्टैंडर्ड का सपोर्ट भी जोड़ा गया है, जिससे बेहतर वीडियो क्वालिटी मिल सकती है। ऑडियो फ्रेमवर्क में भी बदलाव किए गए हैं, ताकि बैकग्राउंड में चलने वाली ऑडियो एक्टिविटी यूजर की अनुमति से ही शुरू हों।
यूजर इंटरफेस में भी हल्के लेकिन जरूरी सुधार किए गए हैं। सिस्टम एनिमेशन को ज्यादा स्मूद बनाया गया है और नोटिफिकेशन व क्विक सेटिंग्स को बेहतर किया गया है। Android 17 Beta 1 फिलहाल Pixel 6 से लेकर नई Pixel 10 सीरीज तक के चुनिंदा Pixel स्मार्टफोन्स के लिए उपलब्ध है। इसे इंस्टॉल करने के लिए यूजर्स को Android Beta Programme में रजिस्टर करना होगा और फिर सेटिंग्स में जाकर सॉफ्टवेयर अपडेट चेक करना होगा। हालांकि यह बीटा वर्जन है, इसलिए इसमें बग या स्टेबिलिटी की समस्या हो सकती है।