OnePlus के फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स में बड़ी खामी की शिकायत, यूजर्स हुए परेशान
OnePlus के मदरबोर्ड खराब होने की खबर आई है। इस कारण फोन्स हैंग हो रहे हैं, तो कई चलते-चलते अपने आप बंद हो गए। हालांकि, कंपनी की तरफ से अभी तक कोई अपडेट नहीं दिया गया है।
Published By: ajay verma | Published: Aug 27, 2024, 11:32 AM (IST)
OnePlus की मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही है। कुछ समय पहले ब्रांड के स्मार्टफोन में ग्रीन लाइन इश्यू आया था, जिससे यूजर्स को बहुत परेशानी हुई थी। अब कंपनी के स्मार्टफोन्स के मदरबोर्ड में खराबी आने की खबर सामने आई है। इस खराबी के कारण कई स्मार्टफोन्स हैंग हुए, तो कई चलते-चलते बंद हो गए। इनमें वनप्लस 10 प्रो और 9 जैसे फ्लैगशिप डिवाइस भी शामिल हैं। इसकी शिकायत यूजर्स ने वनप्लस के X कम्युनिटी हैंडल पर की है।
One Plus Club ने ट्वीट कर बताया कि OnePlus 10 और OnePlus 9 सीरीज के फोन्स का मदरबोर्ड खराब हो रहा है। इस कारण फोन ऑपरेट करने में दिक्कत आ रही है। यह बहुत चिंताजनक है। कंपनी की ओर से अभी तक कोई समाधान नहीं मिला है।
40 हजार से ज्यादा का आ रहा खर्च
X (पूर्व ट्विटर) पर अभिषेक राजवंशी नाम के यूजर ने बताया कि उनका फोन सॉफ्टवेयर इश्यू आने के कारण खराब हो गया है। जब वह अपने फोन को सर्विस सेंटर ले गए हैं, तो उन्हें पता चला कि डिवाइस का मदरबोर्ड खराब है और इसे ठीक करने में 27 हजार का खर्च आएगा। वहीं, कई अन्य यूजर्स ने बताया कि कुछ सर्विस सेंटर मदरबोर्ड रिपेयर करने के लिए 42 हजार तक मांग रहे हैं।
डिवाइस में आई हीटिंग की समस्या
वनप्लस के यूजर्स ने यह भी बताया कि मदरबोर्ड में खराबी आने से फोन में लैग और हीटिंग की समस्या आने लगी। कई फोन्स अचानक से बंद हो गए और स्क्रीन पूरी ब्लैक हो गई। हालांकि, वनप्लस की ओर से अभी तक इस समस्या को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।