Sanchar Saathi: आपके नाम से कितने SIM Card हुए हैं जारी, ऐसे लगाएं पता
Sanchar Saathi: सरकार ने नया ऑनलाइन पोर्टल संचार साथी लॉन्च किया है। इस पोर्टल के जरिए आप अपने आधार कार्ड के साथ लिंक मोबाइल नंबर का पता लगा सकते हैं। साथ ही, आप अपने खोए हुए फोन को भी रिपोर्ट कर सकेंगे।
Published By: Harshit Harsh | Published: May 17, 2023, 11:24 AM (IST)
हाइलाइट
- Sanchar Saathi Portal के जरिए आप अपने नाम पर लिंक मोबाइल नंबर का पता लगा सकते हैं।
- इसके अलावा जो नंबर आपका नहीं है, उसे रिपोर्ट भी कर सकते हैं।
- सरकार ने टेलीकॉम यूजर्स की सुविधा के लिए यह पोर्टल लॉन्च किया है।
Sanchar Saathi Portal: केन्द्र सरकार ने 16 मई को पूरे भारत में Sanchar Saathi ऑनलाइन पोर्टल को लॉन्च कर दिया है। इस ऑनलाइन पोर्टल को चोरी या गुम हुए मोबाइल नंबर को ट्रैक करने के लिए लाया गया है। साथ ही, इस पोर्टल से यूजर्स के मोबाइल नंबर से लिंक मोबाइल कनेक्शन का भी पता चल सकेगा। दूरसंचार विभाग (DoT) का यह पोर्टल देश के 140 करोड़ लोगों को अपने मोबाइल नंबर, कनेक्शन आदि की जानकारी को एक जगह मुहैया कराएगा।
DoT का यह नया संचार साथी पोर्टल पहले से चल रहे TAFCOP (टेलीकॉम एनालिटिक्स फॉर फ्रॉड मैनेजमेंट एंड कंज्यूमर प्रोटेक्शन) पोर्टल का अपग्रेड वर्जन है। पहले यह पोर्टल आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल जैसे कुछ राज्यों के यूजर्स के लिए था, जिसे अब पूरे भारत में लॉन्च किया गया है। इसके साथ CEIR समेत कई एंजेसियों को इंटिग्रेट किया गया है।
आपके नाम पर कितने SIM कार्ड हुए हैं जारी?
हमें जब भी कोई नया कनेक्शन लेना होता है, हम अपनी फोटो आईडी समेत कई डॉक्यूमेंट्स टेलीकॉम ऑपरेटर्स द्वारा अधिकृत प्वाइंट ऑफ सेल सेंटर को देते हैं। कई बार आपके डॉक्यूमेंट्स का गलत इस्तेमाल करके आपके नाम से कई सारे सिम कार्ड इश्यू कर दिया जाता है। ऐसे में ऑनलाइन फ्रॉड होने की आशंका बनी रहती है। संचार साथी का यह ऑनलाइन पोर्टल आपकी इसमें मदद कर सकता है।
इसके लिए आपको ऑनलाइन पोर्टल में जाकर दिए गए आसान स्टेप्स का पालन करना होता है, जिसके बाद आप अपने मोबाइल नंबर से लिंक सभी अनाधिकृत सिम कार्ड का पता लगा सकेंगे और उन्हें ब्लॉक कर सकेंगे।
क्या है तरीका?
- सबसे पहले आपको TAFCOP संचार साथी पोर्टल (tafcop.sancharsaathi.gov.in/telecomUser/loginPage) पर जाना होगा
- यहां आपको अपना मोबाइल नंबर और दिए गए सिक्योरिटी कैप्चा को दर्ज करना होगा।
- जैसे ही आप वेलिडेट बटन पर क्लिक करेंगे आपके मोबाइल नंबर पर एक OTP (वन टाइम पासवर्ड) आएगा।
- वन टाइम पासवर्ड को दर्ज करने के बाद आप अपने मोबाइल नंबर से लिंक सभी मोबाइल नंबर को देख सकेंगे
- अगर इस लिस्ट में आपको ऐसे नंबर दिखेंगे, जिन्हें आप नहीं जानते हैं तो उन्हें ब्लॉक कर सकते हैं।
कैसे करें ब्लॉक?
- अगर लिस्ट में दिए गए नंबर को आप नहीं जानते हैं तो उस नंबर के सामने बने चेक बॉक्स पर क्लिक करें।
- इसके बाद नंबर के दाईं और दिए गए ऑप्शन्स- Not Known पर क्लिक करें।
- फिर नीचे दिए गए रिपोर्ट बटन पर टैप करें।
- अगर आपने यहां कोई पुराना नंबर देखा, जिसे आप अब इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं तो दिए गए ऑप्शन में से Not Required पर क्लिक करें और नीचे दिए गए रिपोर्ट बटन पर क्लिक करें।
- आपके द्वारा रिक्वेस्ट करने के बाद दूरसंचार विभाग और TAFCOP उन नंबर्स पर कार्रवाई करेगी।
टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।