Google Workspace में आया नया AI फीचर, Gemini अब खुद बनाएगा पूरा डॉक्यूमेंट

Google ने अपने AI असिस्टेंट Gemini को बड़ा अपडेट देते हुए Google Workspace में नए फीचर्स जोड़ दिए हैं। अब यूजर सिर्फ एक प्रॉम्प्ट लिखकर Google Docs, Sheets या Slides में पूरा डॉक्यूमेंट और प्रेजेंटेशन तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं...

Published By: Ashutosh Ojha | Published: Mar 11, 2026, 03:29 PM (IST)

Google ने अपने AI असिस्टेंट Gemini को और ज्यादा शक्तिशाली बनाते हुए Google Workspace ऐप्स में बड़ा अपडेट दिया है। कंपनी ने मंगलवार को घोषणा की कि अब Gemini साइड पैनल को Google Docs, Google Sheets, Google Slides और Google Drive में नए फीचर्स के साथ अपग्रेड किया गया है। इस अपडेट के बाद यूजर्स अब केवल एक प्रॉम्प्ट लिखकर बिल्कुल शुरुआत से पूरा डॉक्यूमेंट या ड्राफ्ट तैयार कर सकते हैं। पहले Gemini सिर्फ मौजूदा कंटेंट को बेहतर बनाने, स्लाइड्स में डिजाइन जोड़ने या स्प्रेडशीट में फॉर्मूला लगाने जैसे कामों में मदद करता था, लेकिन अब यह एक खाली फाइल से भी काम शुरू कर सकता है और पूरी सामग्री तैयार कर सकता है। इससे काम करने की स्पीड तेज होगी और ऑफिस या पढ़ाई से जुड़े कई काम आसान हो जाएंगे। और पढें: Google ने Gemini में Notebooks फीचर किया लॉन्च, अब यूजर्स को मिलेगा ये बड़ा फायदा

इस नए अपडेट में क्या-क्या आया

इस नए अपडेट के साथ Gemini अब यूजर की फाइल्स, ईमेल और इंटरनेट से जरूरी जानकारी निकालकर एक पूरा डॉक्यूमेंट तैयार कर सकता है, खासतौर पर Google Docs में यह फीचर काफी यूजफुल माना जा रहा है। यूजर जब कोई विषय लिखकर प्रॉम्प्ट देंगे तो Gemini उस पर एक पूरा पहला ड्राफ्ट बना देगा। इसके अलावा यह कंटेंट को सुधारने और एडिट करने का काम भी करता रहेगा। इसमें 'Match Writing Style' नाम का नया ऑप्शन भी जोड़ा गया है, जिससे AI यूजर की लिखने की शैली को समझकर उसी अंदाज में कंटेंट तैयार कर सकता है। वहीं 'Match Doc Format' फीचर के जरिए किसी दूसरे डॉक्यूमेंट की स्टाइल या फॉर्मेट को भी आसानी से कॉपी किया जा सकता है। और पढें: Jio यूजर्स के लिए खुशखबरी, सभी को मुफ्त में मिलेगा Google AI Pro सब्सक्रिप्शन

Google Sheets में भी Gemini का अपग्रेड

Google Sheets में भी Gemini को बड़ा अपग्रेड मिला है। अब यूजर सिर्फ एक निर्देश देकर पूरी स्प्रेडशीट तैयार कर सकते हैं। Gemini जरूरी जानकारी ईमेल और फाइल्स से लेकर खुद ही टेबल, कॉलम और डेटा को व्यवस्थित कर सकता है। इसके अलावा 'Fill with Gemini' नाम का नया फीचर भी दिया गया है, जो मुश्किल प्रोजेक्ट्स में मदद करता है। यह फीचर कस्टम टेक्स्ट तैयार कर सकता है, डेटा को अलग-अलग कैटेगरी में बांट सकता है और टेबल के अंदर जानकारी का सार भी बना सकता है। अगर किसी स्प्रेडशीट में कुछ जानकारी अधूरी है तो Gemini इंटरनेट सर्च से भी संबंधित डेटा खोजकर उसे भरने की कोशिश करता है। इससे डेटा मैनेजमेंट पहले से काफी आसान हो सकता है। और पढें: Google Gemini में आया धांसू फीचर, अब ऑडियो फाइल भी कर सकते है अपलोड

Google Slides और Drive में भी आए नए AI फीचर्स

Google Slides और Google Drive में भी AI से जुड़े नए फीचर्स जोड़े गए हैं। Slides में अब Gemini पूरी तरह एडिटेबल स्लाइड बना सकता है, जिसमें टेम्पलेट, लेआउट, टेक्स्ट, इमेज और डायग्राम तक शामिल हो सकते हैं। कंपनी का कहना है कि वह जल्द ही ऐसा फीचर भी लाने पर काम कर रही है, जिससे यूजर केवल एक प्रॉम्प्ट देकर पूरी प्रेजेंटेशन स्लाइड डेक तैयार कर सकेंगे। वहीं Google Drive में अब सर्च रिजल्ट के ऊपर AI Overview दिखाई देगा, जो फाइल्स की जानकारी का सार देगा। 'Ask Gemini in Drive' फीचर के जरिए यूजर डॉक्यूमेंट, ईमेल, कैलेंडर और वेब से जुड़े मुश्किल सवाल भी पूछ सकेंगे, फिलहाल ये फीचर्स Google AI Pro और Ultra सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध हैं, जबकि Drive के कुछ नए फीचर अभी केवल अमेरिका में और अंग्रेजी भाषा में ही उपलब्ध हैं।

टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।