Apple iPhone 17 Pro Max की लॉन्च डेट लीक, कीमत और फीचर्स भी आए सामने
Apple iPhone 17 Pro Max को इस साल लॉन्च किया जाना है। इस स्मार्टफोन की कीमत और फीचर्स लीक हो चुके हैं। अब डिवाइस की संभावित लॉन्च डेट भी सामने आ गई है।
Published By: ajay verma | Published: Jul 10, 2025, 03:01 PM (IST)
Apple iPhone 17 Series इस साल की शुरुआत से खबरों में बनी हुई है। इस सीरीज में आने वाले आईफोन का चर्चा जोरों पर है। हालांकि, लाइनअप के टॉप मॉडल यानी iPhone 17 Pro Max का इंतजार सभी को है, क्योंकि इस बार फोन नए डिजाइन और अपडेटेड स्पेसिफिकेशन के साथ आने वाला है। ऐसे में अब यह सवाल उठ रहा है कि फोन से कब पर्दा उठाया जाएगा, तो इसका जवाब आपको हमारी इस खबर में मिलेगा। चलिए जानते हैं...
कब होगा लॉन्च
iPhone 17 Pro Max और सीरीज में आने वाले अन्य डिवाइस की आधिकारिक लॉन्चिंग से जुड़ी कोई जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन एक मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि डिवाइस को 8 या 9 सितंबर 2025 को लॉन्च किया जाएगा। इनकी प्री-बुकिंग 12 सितंबर और फर्स्ट सेल 19 सितंबर से लाइव होगी। इन पर नो-कॉस्ट EMI और डिस्काउंट ऑफर भी मिलेंगे।
ऐसे होंगे फोन के स्पेसिफिकेशन
पुरानी लीक्स और रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि 17 सीरीज के टॉप मॉडल यानी आईफोन 17 प्रो मैक्स में डायनेमिक आइलैंड वाला 6.9 इंच का OLED डिस्प्ले दिया जा सकता है। इसका रिफ्रेश रेट 120 हर्ट्ज होगा। फोन में पावर प्रदान करने के लिए A19 Pro चिप और 1TB तक स्टोरेज दी जाने की उम्मीद है।
फोटोग्राफी और वीडियो शूट करने के लिए 48MP का ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिल सकता है, जबकि फ्रंट में सेल्फी के लिए 24MP का कैमरा दिया जाएगा। इसमें नाइट, पोट्रेट, एचडी, टाइम-लैप्स और स्लो-मोशन जैसे फीचर भी मिलेंगे।
अन्य डिटेल
सीमलेस कनेक्टिविटी के लिए आईफोन 17 प्रो मैक्स में ई-सिम, फिजिकल सिम, वाई-फाई, जीपीएस, ब्लूटूथ और USB-C पोर्ट जैसे फीचर दिए जाएंगे। इसको IP68 जैसी रेटिंग भी मिलेगी।
कितनी हो सकती है फोन की कीमत
iPhone 17 Pro Max की असल कीमत से जुड़ा कोई अपडेट नहीं दिया गया है, लेकिन लीक्स में कहा जा रहा है कि फोन की कीमत 1,64,999 रुपये के आसपास रखी जाने की संभावना है।
टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।