गेमिंग की लत: पुणे में युवक ने लगाई फांसी, जाने किन बातों का रखें ध्यान
ऑनलाइन गेमिंग की लत ने पुणे के एक कैब ड्राइवर की जान ले ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैब ड्राइवर अतिरिक्त इनकम के चक्कर में ऑनलाइन रमी जैसे बैटिंग गेम्स खेलता था। पैसे हारने की वजह से वो काफी निराश था।
Published By: Harshit Harsh | Published: Jul 11, 2023, 01:47 PM (IST) | Edited: Jul 11, 2023, 01:50 PM (IST)
हाइलाइट
- पुणे के कैब ड्राइवर ने ऑनलाइन गेम में पैसे हारने पर आत्महत्या कर ली।
- ड्राइवर को ऑनलाइन रमी खेलने का लत लग गया था।
- एक्सट्रा इनकम के लिए वो ऑनलाइन बैटिंग गेम्स खेला करता था।
ऑनलाइन गेमिंग की लत ने पुणे के एक 32 साल के युवक की जान ले ली। गणेश नाम के इस कैब ड्राइवर को रमी जैसे जुए वाले ऑनलाइन गेम की लत थी। पुलिस के मुताबिक, इस ऑनलाइन गेम में पैसे हारने की वजह से गणेश ने आत्महत्या कर ली। गणेश को ऑनलाइन गेमिंग की लत अतिरिक्त इनकम की वजह से लगी। वो अक्सर अतिरिक्त इनकम के लिए यह गेम खेलने लग गया और इसमें पैसे लगाने लगा। सामने आ रही रिपोर्ट के मुताबिक, गणेश के परिवार वालों का अंदेशा है कि वो ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हारने की वजह से परेशान था, जिसकी वजह से उसने यह कदम उठाया।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, तालेगांव डभाडे के तेली अली का रहने वाला गणेश ऑनलाइन रमी में कुछ हतार रुपये हार गया। हालांकि, पुलिस को अभी कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और इस घटना की जांच चल रही है। वो रविवार रात करीब 8:30 बजे अपने कमरे में फांसी से लटका हुआ पाया गया। उसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल लाया गहां, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ऐप स्टोर पर मौजूद हैं कई बैटिंग ऐप्स
इससे पहले भी सरकार रमी और जुए जैसे ऑनलाइन गेमिंग को लेकर काफी सख्त रही है। Google Play Store और Apple App Store पर ऐसे कई ऑनलाइन जुए वाले ऐप्स हैं, जहां बैटिंग की जाती है। इस तरह की ऑनलाइन की लत आजकल युवाओं को लग रही है और वो तेजी से पैसा कमाने के चक्कर में पैसे हार जाते हैं और फिर इस तरह की कदम उठाते हैं।
पिछले साल अगस्त में तामिलनाडु के एक 25 साल के युवक ने ऑनलाइन रमी में पैसे हारने की वजह से आत्महत्या कर ली थी। इस युवक को ऑनलाइन रमी में 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ था।
ऑनलाइन गेमिंग की लत से कैसे बचें?
यह बात सही है कि गेमिंग कंपनियां ज्यादा से ज्यादा रेवेन्यू कमाने के लिए ऑनलाइन मल्टीप्लेयर गेम में इन-गेम आइटम्स आदि खरीदने के लिए प्लेयर्स को मजबूर करती हैं। गेमिंग की लत लगने की वजह से ऐसे गेम खेलने वाले प्लेयर्स अपनी हार्ड मनी का इस्तेमाल करते हैं। सबसे ज्यादा चिंता का विषय बैटिंग ऐप्स पर गेम खेलने वालों काे लिए है।
रमी, पोकर जैसे बैटिंग ऐप्स में प्लेयर्स अपनी हार्ड मनी इसलिए लगाते हैं, कि वो तेजी से ज्यादा पैसे कमा सके। इंटरनेट के युग में गेमिंग भी ऑनलाइन स्कैम का एक जरिया बन गया है, जहां लोग लालच की वजह से उलझ जाते हैं।
इस मामले में एक्सपर्ट्स का भी मानना है कि किसी भी गेम को केवल मनोरंजन के लिए खेलना चाहिए और एक सीमित अवधि के लिए खेला जाना चाहिए। इससे आपको गेम की लत नहीं लगेगी। ऑनलाइन बैटिंग वाले गेम्स को खेलने से पहले मानसिक तौर पर तैयार रहें कि इसमें नुकसान भी हो सकता है। अगर, आप मानसिक तौर पर हारने के लिए तैयार नहीं हैं तो इस तरह के गेम से आपको बचना चाहिए।
टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।