BGMI फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी! IPL की तर्ज पर शुरू होगी Krafton की ईस्पोर्ट्स लीग

BGMI खेलने वालों के लिए जबरदस्त खुशखबरी है। अब भारत में भी क्रिकेट IPL की तरह गेमिंग की बड़ी लीग शुरू होने जा रही है। क्राफ्टन जल्द ही भारत में फ्रेंचाइजी बेस्ड ईस्पोर्ट्स लीग लॉन्च करेगा, जिससे गेमर्स को करियर बनाने और शोहरत कमाने का शानदार मौका मिलेगा।

Published By: Ashutosh Ojha | Published: Jun 27, 2025, 02:52 PM (IST)

PUBG और BGMI जैसे पॉपुलर गेम्स बनाने वाली दक्षिण कोरियाई कंपनी क्राफ्टन (Krafton) ने भारत में एक नया और बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने भारतीय प्रीमियर लीग (IPL) की तर्ज पर पहली फ्रेंचाइजी आधारित ईस्पोर्ट्स लीग शुरू करने की घोषणा की है। इस नई लीग का मकसद भारत में तेजी से बढ़ते गेमिंग और ईस्पोर्ट्स इंडस्ट्री को एक प्रोफेशनल और परमानेंट प्लेटफॉर्म देना है। भारत में इस समय लगभग 450 मिलियन गेमर्स हैं और पिछले तीन सालों में ईस्पोर्ट्स व्यूअरशिप में 400% की बढ़ोतरी हुई है। ऐसे माहौल में क्राफ्टन का यह कदम गेमिंग की दुनिया को पूरी तरह बदल सकता है। और पढें: BGMI 4.5 अपडेट: इस बार गेम में होगा Naruto एनीमे के थीम वाला मैप, जानिए कब से शुरू होगा कोलैबोरेशन

फ्रेंचाइजी बनने के लिए खुले हैं दरवाजे

क्राफ्टन ने कहा है कि यह कोई छोटा-मोटा टूर्नामेंट नहीं होगा, बल्कि एक बड़ा और लंबा चलने वाला खेल इवेंट होगा, जो आने वाले समय में दुनिया की सबसे बड़ी लीग्स को भी टक्कर दे सकता है। कंपनी ने बड़े बिजनेस, फिल्म सितारों, स्पोर्ट्स खिलाड़ियों, यूट्यूब और सोशल मीडिया के फेमस क्रिएटर्स और बड़े निवेशकों को इस लीग की टीम का मालिक बनने के लिए बुलाया है। जो लोग इसमें दिलचस्पी रखते हैं, उन्हें 4 जुलाई 2025 तक कंपनी को बताना होगा कि वे इसमें दिलचस्पी रखते हैं। इसके बाद कंपनी उन्हें पूरी जानकारी और एक जरूरी दस्तावेज (जिसे LOI कहते हैं) भेजेगी। फिर आगे टीम खरीदने और बाकी बातों पर बातचीत होगी। और पढें: BGMI 4.5 update: इस बार गेम में होंगी Ferrari की स्पोर्ट्स कारें, इस तारीख से शुरू होगा इवेंट

भारत में निवेश बढ़ा रहा है क्राफ्टन

क्राफ्टन का यह कदम उसके भारत में बढ़ते निवेश का हिस्सा है। कंपनी के CEO चांगहान किम (Changhan “CH” Kim) ने हाल ही में बताया कि अगले दो वर्षों में कंपनी भारत में अपने निवेश को 170 मिलियन डॉलर से बढ़ाकर 310 मिलियन डॉलर तक करने की योजना बना रही है। कंपनी अब सिर्फ विदेशी गेम्स को भारत के हिसाब से बदल नहीं रही है, बल्कि अब वह भारत में खुद गेम बनाने और यहां के टैलेंट को मौका देने पर भी जोर दे रही है। और पढें: Free Fire Max खेलने वालों के लिए गुड न्यूज, आधे दाम में मिल रहा Weight Training इमोट

BGMI टूर्नामेंट्स की सफलता से मिली प्रेरणा

BGMI को भारत में पहले ही BGIS और BMPS जैसे बड़े टूर्नामेंट्स के जरिए जबरदस्त लोकप्रियता मिली है। इन टूर्नामेंट्स में भारी भरकम इनामी राशि और प्रोफेशनल खिलाड़ियों के लिए करियर के मौके मिलते हैं। अब इस नई IPL-स्टाइल लीग के साथ, क्राफ्टन भारत को ग्लोबल ईस्पोर्ट्स के मंच पर एक मजबूत खिलाड़ी के रूप में स्थापित करना चाहता है। यह लीग न केवल गेमर्स के लिए प्रोफेशनल करियर का रास्ता खोलेगी, बल्कि भारत में ईस्पोर्ट्स को एक नई पहचान भी देगी।

टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।