Free Fire India के लिए करना होगा और इंतजार, Garena ने बताई वजह
Free Fire India के लिए फैंस को और इंतजार करना पड़ सकता है। गेम डेवलपर्स ने इस गेम की लॉन्चिंग को आगे बढ़ा दी है। गरेना ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी लॉन्च डेट आगे बढ़ाने की घोषणा की है।
Published By: harshit harsh | Published: Sep 05, 2023, 07:46 AM (IST) | Edited: Sep 05, 2023, 07:57 AM (IST)
हाइलाइट
- फ्री फायर इंडिया की लॉन्च डेट आगे बढ़ गई है।
- गरेना इसे आने वाले सप्ताह में लॉन्च कर सकता है।
- कंपनी ने इसकी लॉन्च आगे बढ़ाने की वजह बताई है।
Free Fire India के लिए भारतीय गेमर्स को और इंतजार करना पड़ सकता है। पिछले साल 14 फरवरी को बैन हुए गरेना के इस बैटल रॉयल गेम को आज यानी 5 सितंबर से डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराया जाना था, लेकिन गरेना ने इसकी डेट आगे बढ़ा दी है। पिछले महीने 31 अगस्त को गरेना ने भारत में लगे बैन हटाए जाने की घोषणा की थी। फ्री फायर इंडिया ऑफिशियल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में गेम डाउनलोड करने की डेट आगे बढ़ाए जाने की घोषणा की है। इस गेम को आने वाले कुछ सप्ताह में डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
कुछ सप्ताह के लिए बढ़ी डेट
फ्री फायर इंडिया ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि हमें भारतीय गेमर्स से मिल रहे रिस्पॉन्स से बेहद खुशी है। साथ ही, भारतीय गेमिंग कम्युनिटी ने इसकी वापसी पर खुशी जताई है। हम अपने प्लेयर्स को जितना संभव हो बेहतर एक्सपीरियंस प्रदान करने की कोशिश करते हैं। हम फ्री फायर इंडिया फैंस को यह बता रहे हैं कि इस गेम की लॉन्च कुछ और सप्ताह के लिए टाली जा रही है। इसके गेम-प्ले को और बेहतर बनाने के लिए हमें थोड़ा और समय चाहिए, ताकि इसमें पूरी तरह से भारतीय एक्सपीरियंस मिल सके। हम फ्री फायर इंडिया कम्युनिटी को भी धन्यवाद देना चाहते हैं कि आप अल्टीमेट बैटल रॉयल एक्सपीरियंस के लिए थोड़ा और इंतजार कर सके।
पिछले महीने फ्री फायर इंडिया ने इस गेम की वापसी कंफर्म की थी। इस गेम को आज यानी 5 सितंबर से डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराया जाना था। यह बैटल रॉयल गेम फिलहाल Google Play Store और Apple App Store पर प्री-रजिस्ट्रेशन के लिए उपलब्ध है।
इंडिया स्पेसिफिक फीचर्स
Garena के इस बैटल रॉयल गेम को भारत में फ्री फायर इंडिया के नाम से दोबारा लॉन्च किया जा रहा है। गेम डेवलपर ने BGMI की तरह ही इस गेम को भी भारतीय प्लेयर्स के हिसाब से डेवलप किया है। इसके गेम-प्ले से लेकर इसमें मिलने वाले कैरेक्टर्स तक को लोकलाइज्ड किया जा रहा है। साथ ही, इस गेम की सर्वर होस्टिंग से लेकर डेटा स्टोरेज तक भारत में किए जाएंगे। इसके लिए गेम डेवलपर्स ने भारतीय टेक कंपनियों के साथ करार किया है। इसके अलावा गेम में प्राइवेसी, पैरेंटल कंट्रोल और टाइम लिमिट जैसे फीचर्स भी जोड़े गए हैं। बैन होने से पहले भारत में इसके 40 मिलियन यानी 4 करोड़ से ज्यादा एक्टिव यूजर्स थे।
टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।