Free Fire India लॉन्च की दोबारा जगी उम्मीद, Google Play Store पर फिर से हुआ लिस्ट
Free Fire India गेम लॉन्चिंग की उम्मीद एक बार फिर से जग गई है। गरेना का यह बैटल रॉयल गेम दोबारा गूगल प्ले स्टोर पर लिस्ट हो गया है। इस गेम को प्लेयर्स अभी प्री-रजिस्टर कर सकते हैं।
Published By: harshit harsh | Published: Dec 11, 2023, 06:31 PM (IST)
हाइलाइट
- फ्री फायर इंडिया को गूगल प्ले स्टोर पर फिर से लिस्ट किया गया है।
- पिछले सप्ताह इसे प्ले स्टोर से हटा लिया गया था।
- गेम की जल्द लॉन्च होने की संभावना है।
Free Fire India गेम को पिछले दिनों Google Play Store से हटा लिया गया था। इस गेम को गूगल प्ले स्टोर से हटाने के बाद कई फ्री फायर फैंस की उम्मीदें टूट गई थी। गरेना के इस बैटल रॉयल गेम को एक बार फिर से गूगल प्ले स्टोर पर लिस्ट कर लिया गया है। इस गेम को पिछले साल फरवरी में भारत में बैन कर दिया गया था। हालांकि, इसका मैक्स वर्जन अभी भी खेलने के लिए उपलब्ध है। इस साल अगस्त में गरेना ने इस गेम को नए नाम Free Fire India से लॉन्च करने की घोषणा की थी। 5 सितंबर को इस गेम को लॉन्च किया जाना था, लेकिन गरेना ने 4 दिसंबर को गेम की लॉन्चिंग को कुछ सप्ताह तक टालने की बात कही थी।
सितंबर में टली लॉन्चिंग
गेम में किए जाने वाले बदलाव और अन्य तकनीकी दिक्कतों का हवाला देते हुए गरेना ने इस गेम की लॉन्चिंग टाल दी थी। इसके बाद से इस गेम की लॉन्चिंग को लेकर गेम डेवलपर की तरफ से कोई आधिकारिक अपडेट जारी नहीं किया गया है। ऐसे में गेम का बेसब्री से इंतजार कर रहे प्लेयर्स के बीच गेम लॉन्चिंग की उम्मीद खत्म हो गई है। पिछले दिनों इसे गूगल प्ले स्टोर से हटाने के बाद से उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया था, लेकिन गेम की दोबारा गूगल प्ले स्टोर पर लिस्टिंग ने इस के जल्द लॉन्च होने की उम्मीद जगा दी है। हो सकता है नए साल में फ्री फायर फैंस को यह तोहफा मिल जाए।
कर सकते हैं प्री-रजिस्टर
Google Play Store पर दोबारा गेम लिस्ट होने के बाद इसमें इंस्टॉल बटन इनेबल कर दिया गया है। गेम लॉन्च होने के बाद यह बटन एक्टिव हो जाएगा और प्लेयर्स इसे डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा इस गेम का प्री-रजिट्रेशन भी शुरू हो गया है। प्लेयर्स इस गेम को फिलहाल प्री-रजिस्टर कर सकेंगे।
अगस्त में गरेना ने फ्री फायर इंडिया की लॉन्चिंग की घोषणा करते हुए कहा था कि प्लेयर्स को लोकल एक्सपीरियंस देने के लिए इसमें भारतीय परिवेश के आधार पर कॉन्टेंट जोड़े जाएंगे। इस गेम की लोकल होस्टिंग के लिए गरेना ने Yotta क्लाउड होस्टिंग सर्विस के साथ साझेदारी की है। इससे भारतीय यूजर्स का डेटा भारत में ही रहेगा। यही नहीं, गरेना ने इस गेम में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर बेस्ड थाला कैरेक्टर को भी टीज किया था।
टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।