Lamborghini Revuelto Hybrid सुपरकार भारत में हुई लॉन्च, मिलेंगे शानदार फीचर्स
Lamborghini Revuelto Hybrid सुपरकार ने भारतीय बाजार में दस्तक दे दी है। इस स्पोर्ट्स कार में दमदार इंजन दिया गया है। इसके साथ ही कार में एडेप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसे लेटेस्ट फीचर मिलते हैं।
Published By: ajay verma | Published: Dec 07, 2023, 08:46 AM (IST)
हाइलाइट
- Lamborghini Revuelto स्पोर्ट्स कार भारत में लॉन्च हो गई है।
- इस कार में V12 पावरफुल इंजन दिया गया है।
- इसमें क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं।
Lamborghini Revuelto Hybrid भारत में लॉन्च हो गई है। इस सुपरकार को Aventador के सक्सेसर के तौर पर पेश किया गया है। इस स्पोर्ट्स कार में ब्रांड का प्रीमियम वी12 हाइब्रिड इंजन मिलता है, जो इसे जबरदस्त पावर प्रदान करता है। इसके अलावा, स्पोर्ट्स कार में बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट डिस्प्ले के साथ-साथ ADAS, एडेप्टिव क्रूज कंट्रोल और एक्टिव लेन चेंज वॉर्निंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं। आइए नीचे विस्तार से जानते हैं नई सुपरकार के फीचर्स और कीमत...
Lamborghini Revuelto के फीचर्स
लेम्बोर्गिनी Revuelto का डिजाइन बेहद शानदार है। इसकी बॉडी के ऐज काफी शार्प हैं। इसमें Y-शेप की LED लाइट और सेंटर माउंटेड रियर एक्सजोस्ट दिया गया है, जिसका लुक Sian जैसी कार्स से मिलता है। इसके डैशबोर्ड में पैसेंजर स्क्रीन लगी है, जिसका साइज 9.1 इंच है।
स्पोर्ट्स कार में 12.3 इंच का इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 8.4 इंच का सेंटर इंफोटेनमेंट डिस्प्ले दिया गया है, जो स्मार्टफोन कनेक्टिविटी से लैस है। बेहतर ब्रेकिंग और सेफ्टी के लिए स्पोर्ट्स कार में ADAS, पावरफुल ब्रेक्स से लेकर एडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, एक्टिव लेन डिपार्चर और लेन चेंज वॉर्निंग जैसे फीचर्स मिलते हैं।
इस स्पोर्ट्स कार में scissor डोर दिए गए हैं। इसमें 20 से 21 इंच का वील सेटअप मिलता है। इसके अलावा कार के रियर और फ्रंट में नए डिजाइन का बंपर दिया गया है।
स्पोर्ट्स कार का इंजन
Revuelto सुपरकार में 6.5 लीटर का V12 इंजन दिया गया है। यह इंजन बेहद पावरफुल है। इसकी आउटपुट पावर 1001 बीएचपी है। इसमें 8-स्पीड डुअल क्लच ऑटोमेटिक गियरबॉक्स मिलता है। यह कार केवल दो सेकेंड में जीरो से 100 की रफ्तार पकड़ती है। इसकी टॉप स्पीड 350 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसमें ऑल-वील ड्राइव की सुविधा मिलती है।
कितनी है कार की कीमत
ऑटो मेकर लेम्बोर्गिनी के मुताबिक, Revuelto स्पोर्ट्स कार की कीमत 8.89 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम प्राइस) रखी गई है। इस कार की डिलीवरी नए साल से की जाएगी। इससे Ferrari, Porsche, Lexus और BMW जैसे ब्रांड्स को जोरदार टक्कर मिलेगी।
टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।