WhatsApp जल्द ला रहा है कमाल का अपडेट, ग्रुप चैट में मिलेगा ये शानदार फीचर

क्या आप भी ग्रुप चैट के बार-बार आने वाले नोटिफिकेशन से परेशान रहते हैं? WhatsApp अब आपके लिए एक नया और कमाल का फीचर लाने वाला है, जल्द ही आप ग्रुप में @everyone मेंशन को म्यूट कर पाएंगे, जिससे सिर्फ वही नोटिफिकेशन आएंगे जो आप सच में देखना चाहते हैं। आइए जानते हैं इस फीचर के बारे में...

Published By: Ashutosh Ojha | Published: Sep 23, 2025, 12:09 PM (IST)

और पढें: WhatsApp का नया स्कैम, .exe और .dll फाइल्स से रहें सावधान, 1 क्लिक में Chat history और Contacts सब होंगे लीक

WhatsApp लगातार अपने यूजर्स के लिए नए-नए फीचर लाता रहता है। अब खबर है कि कंपनी एंड्रॉइड ऐप में एक ऐसा ऑप्शन टेस्ट कर रही है, जिससे ग्रुप चैट में आने वाले @everyone मेंशन को म्यूट किया जा सकेगा। अक्सर बड़े ग्रुप्स में हर कोई "everyone" का इस्तेमाल करता है, जिससे सभी सदस्यों को एक साथ नोटिफिकेशन मिलते हैं। कई बार यह फीचर परेशान करने वाला साबित होता है, खासकर तब जब इसका यूज बार-बार या बिना जरूरत के किया जाए। इसी समस्या का हल देने के लिए WhatsApp अब ऐसा फीचर लाने की तैयारी कर रहा है, जो यूजर्स को नोटिफिकेशन कंट्रोल करने की सुविधा देगा। और पढें: WhatsApp Username: Meta ने सरकार के नोटिस का दिया जवाब, जल्द आ सकता है फैसला

WABetaInfo ने दी जानकारी

WhatsApp से जुड़ी जानकारी देने वाले प्लेटफॉर्म WABetaInfo ने बताया है कि "Mute @everyone" नाम का नया फीचर एंड्रॉइड वर्जन 2.25.27.1 में देखा गया है। यह वर्जन फिलहाल बीटा अपडेट के रूप में मौजूद है, लेकिन अभी तक यह फीचर किसी भी यूजर के लिए एक्टिव नहीं किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार इस फीचर को आने वाले समय में टेस्टिंग के लिए रोलआउट किया जा सकता है। WhatsApp की सेटिंग्स में नोटिफिकेशन सेक्शन के अंदर "Mute @everyone" का नया ऑप्शन दिखा है, जो डिफॉल्ट रूप से ऑफ रहता है। यानी इसे सिर्फ वही यूजर ऑन कर सकेगा जिसे इसकी जरूरत होगी। और पढें: दोस्त का जन्मदिन भूलने नहीं देगा WhatsApp, ला रहा खास Birthday Notification फीचर!

क्यों लाया जा रहा है यह फीचर?

WhatsApp ने पहले ही @everyone फीचर सभी ग्रुप सदस्यों को उपलब्ध कराया था, ताकि सिर्फ Admin ही नहीं बल्कि कोई भी सदस्य सभी को एक साथ मेंशन कर सके। हालांकि इसका इस्तेमाल कई बार बेवजह भी किया जाने लगा, जिससे नोटिफिकेशन बार-बार आने लगे और यह फीचर कई यूजर्स के लिए परेशानी का कारण बन गया। इसी कारण WhatsApp अब इसका उल्टा फीचर तैयार कर रहा है, जिससे यूजर्स के पास यह कंट्रोल रहेगा कि वे ऐसे नोटिफिकेशन पाना चाहते हैं या नहीं। खास बात यह है कि अगर कोई ग्रुप पूरी तरह म्यूट किया गया हो, तब भी यूजर चाहें तो सिर्फ @everyone के नोटिफिकेशन पाने का ऑप्शन ऑन कर सकते हैं।

कब होगा लॉन्च?

फिलहाल यह फीचर डेवलपमेंट स्टेज में है और यहां तक कि बीटा प्रोग्राम से जुड़े यूजर्स के लिए भी उपलब्ध नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले कुछ हफ्तों में WhatsApp इसे टेस्टिंग के लिए जारी कर सकता है और उसके बाद इसे स्थायी रूप से सभी के लिए लॉन्च किया जाएगा। यह फीचर उन लोगों के लिए बेहद मददगार साबित होगा जो बड़े ग्रुप्स का हिस्सा होते हैं और बार-बार आने वाले नोटिफिकेशन से परेशान रहते हैं। माना जा रहा है कि इसके आने से WhatsApp का ग्रुप चैट अनुभव और बेहतर व पर्सनलाइज्ड हो जाएगा।

टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।