WhatsApp Pink: व्हाट्सऐप के नाम से नया स्कैम, यूजर्स के स्मार्टफोन में लग रही सेंध
WhatsApp Pink के जरिए साइबर अपराधी इन दिनों यूजर्स को टारगेट कर रहे हैं। मुंबई पुलिस ने इस फर्जी ऐप को लेकर एक एडवाइजरी जारी की है और लोगों को ऐप अपग्रेड के नाम से किसी भी लिंक को ओपन करने से मना किया है।
Published By: Harshit Harsh | Published: Jun 28, 2023, 12:05 PM (IST)
हाइलाइट
- Pink WhatsApp के नाम से नया स्कैम सामने आया है।
- मुंबई पुलिस ने यूजर्स को इस स्कैम से बचने के लिए कहा है।
- यूजर्स को ऐप अपग्रेड के नाम पर फर्जी लिंक भेजा जा रहा है।
WhatsApp Pink फर्जी ऐप के जरिए करोड़ों यूजर्स को टारगेट किया जा रहा है। व्हाट्सऐप का यह फर्जी ऐप यूजर्स के निजी यानी पर्सनल डेटा की चोरी कर रहा है। साइबर अपराधी WhatsApp Pink नाम के ऐप को यूजर्स से डाउनलोड करने के लिए कह रहे हैं। ऐसा दावा किया जा रहा है कि इस पिंक व्हाट्सऐप में मौजूदा ऐप के मुकाबले कई एडवांस फीचर्स मिलेंगे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे इस फर्जी ऐप के लिंक पर क्लिक करने से यह यूजर के स्मार्टफोन में डाउनलोड हो जाता है। ऐप डाउनलोड होने के बाद यह बैकग्राउंड में यूजर्स की निजी जानकारियां साइबर अपराधियों को भेजता रहता है।
मुंबई पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
WhatsApp Pink ऐप लिंक से जुड़े वायरल हो रहे मैसेज पर मुंबई पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें लोगों को इससे होने वाले स्कैम से बचने के लिए कहा है। साथ ही, मुंबई पुलिस ने इस फर्जी ऐप से हो रहे स्कैम को विस्तार से बताया है। पुलिस के मुताबिक, स्कैमर्स वायरल मैसेज को यूजर्स को भेज रहा है, जिसमें ऐप को अपग्रेड करने का लिंक दिया रहता है।
जैसे ही यूजर स्कैमर द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक करते हैं, उनके स्मार्टफोन या टैबलेट में एक ऐप इंस्टॉल हो जाता है। यह ऐप यूजर के स्मार्टफोन के कॉन्टैट को अवैध तरीके से एक्सेस करता है। साथ ही, निजी डिटेल्स, फोटोज, वीडियोज, फोन नंबर आदि को स्कैमर्स को भेजता है।
कैसे बचें?
- WhatsApp को अपग्रेड करने के लिए इसके अपडेट को यूजर्स Google Play Store या Apple App Store से डाउनलोड कर सकते हैं। किसी भी थर्ड पार्टी या अनजान लिंक के जरिए अपडेट भूलकर भी डाउनलोड नहीं करना चाहिए। यह यूजर्स को महंगा पड़ सकता है।
- हाल ही, में व्हाट्सऐप ने कई प्राइवसी फीचर्स रोल आउट किए हैं, जिन्हें यूजर्स अपने ऐप की सेटिंग्स में जाकर इनेबल कर सकते हैं। ऐसा करने से यूजर्स को किसी भी अनजान नंबर से कॉल्स नहीं आएंगे।
- इसके अलावा अनजान नंबर से आने वाले किसी भी मैसेज या लिंक को इग्नोर करना चाहिए और उस नंबर को रिपोर्ट करके ब्लॉक कर देना चाहिए, ताकि दोबारा उस नंबर से किसी भी तरह का कम्युनिकेशन नहीं किया जा सके।
टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।