Microsoft लाया नया फीचर, अब अपने Windows PC से कनेक्ट कर पाएंगे iPhones
iPhone यूजर्स के लिए खुशखबरी है। Microsoft ने फोन लिंक रिलीज करना शुरू कर दिया है। अब यूजर कंप्यूटर या लैपटॉप पर मैसेज और कॉन्टैक्ट चेक करने के साथ फोन में मौजूद फोटो देख पाएंगे।
Published By: ajay verma | Published: May 16, 2023, 03:03 PM (IST)
हाइलाइट
- Microsoft ने फोन लिंक को रोलआउट करना शुरू कर दिया है।
- इस फीचर के जरिए अब यूजर अपने iPhone को कंप्यूटर या लैपटॉप से कनेक्ट कर सकेंगे।
- कंपनी ने फोन लिंक फीचर को इससे पहले एंड्रॉइड यूजर्स के लिए पेश किया था।
Microsoft ने अपने iOS यूजर्स की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फोन लिंक को रोलआउट करना शुरू कर दिया है। इस सुविधा की मदद से यूजर अब अपने आईफोन को कंप्यूटर या लैपटॉप से कनेक्ट कर सकेंगे। इसके अलावा, यूजर्स को कंप्यूटर पर कॉल, मैसेज और कॉन्टैक्ट के साथ फोटोज का भी एक्सेस मिलेगा। बता दें कंपनी ने फोन लिंक को इससे पहले एंड्रॉइड यूजर्स के लिए रिलीज किया था।
कंप्यूटर में मिलेगा फोटोज का एक्सेस
माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, फोन लिंक फीचर को 85 देशों और 39 भाषाओं में रोलआउट किया गया है। इस नई सुविधा से यूजर्स अपने कंप्यूटर या लैपटॉप पर महत्वपूर्ण कॉल या मैसेज मिस किए बिना अपने कार्य को पूरा कर सकेंगे। अब यूजर्स को कॉल या मैसेज के लिए बार-बार फोन चेक करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इतना ही नहीं यूजर्स अपने पीसी पर आईफोन से क्लिक की गई फोटो को भी देख पाएंगे।
कब तक मिलेगा यह फीचर
कंपनी ने फोन लिंक फीचर को रोलआउट कर दिया है। यह नया फीचर अभी सिर्फ चुनिंदा यूजर्स के लिए अवेलेबल है। इस महीने के अंत तक यह फीचर सभी स्टेबल यूजर्स को मिल जाएगा।
कौन-से iPhone मॉडल को सपोर्ट करेगा फोन लिंक फीचर
माइक्रोसॉफ्ट का कहना है कि फोन लिंक फीचर उन iPhone मॉडल को सपोर्ट करेगा, जो iOS 14 से ऊपर के वर्जन पर काम करते हैं। साथ ही, विंडोज 11 और ब्लूटूथ कनेक्टिविटी वाला लैपटॉप भी होना चाहिए, तभी यूजर फोन लिंक का इस्तेमाल कर पाएंगे।
ऐसे करें फोन लिंक फीचर का इस्तेमाल
- इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए ऐप स्टोर पर जाकर फोन लिंक ऐप डाउनलोड करें।
- इसके बाद स्टार्ट बटन पर टैप करके विंडोज 11 पीसी के सर्च बॉक्स में फोन लिंक ऐप खोजें।
- ऐप मिलने के बाद iOS वर्जन पर सिलेक्ट करें।
- अब क्यूआर कोड स्कैन करें।
- इतना करने के बाद आपका डिवाइस कंप्यूटर से कनेक्ट हो जाएगा।
पिछले महीने Microsoft Edge में जुड़ा यह खास फीचर
आपको याद दिला दें कि माइक्रोसॉफ्ट ने पिछले महीने ऐज ब्राउजर में इमेज क्रिएटर टूल को जोड़ा था। यूजर इस फीचर की मदद से टेक्स्ट को इमेज में बदल सकते हैं। यह टूल उस ही तकनीक पर काम करता है, जिसपर ओपनएआई का डॉल-ई काम करता है। माइक्रोसॉफ्ट ऐज पहला ऐसा ब्राउजर है, जो इनेज क्रिएटर टूल के साथ आता है। माना जा रहा है कि कंपनी आने वाले दिनों में इस फीचर में कई अन्य सुविधाएं जोड़ सकती है।
टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।