Google Maps में आ गया Power Saving Mode, नेविगेशन के दौरान जल्दी खत्म नहीं होगी बैटरी
Google Maps में नया फीचर आ गया है। यह Power Saving Mode है। इस सुविधा के एक्टिव होने पर नेविगेशन के वक्त बैटरी लंबा चलेगी और यूजर्स बिना समस्या के अपनी डेस्टिनेशन पर पहुंच जाएंगे।
Published By: ajay verma | Published: Nov 13, 2025, 03:47 PM (IST)
Google ने लंबे समय से चर्चा में बने पावर-सेविंग मोड को आखिरकार Google Maps के लिए लॉन्च कर दिया है। इस फीचर के प्लेटफॉर्म में आने से नेविगेशन के दौरान अब बैटरी लंबा चलेगी, जिससे यूजर्स बिना रुकावट के अपनी डेस्टिनेशन पर पहुंच जाएंगे। माना जा रहा है कि इस सुविधा से सबसे ज्यादा फायदा उन यूजर्स को होगा, जो ज्यादा यात्राएं करते हैं। आइए जानते हैं गूगल मैप्स के नए फीचर के बारे में विस्तार से...
Google Power Saving Mode
गूगल के अनुसार, Power Saving Mode के ऑन होने पर Google Maps में लो-पावर मैप दिखाई देगा। यह मैप लॉक स्क्रीन पर भी दिखाई देगा। इसमें सिर्फ अगला टर्न और लोकेशन पर पहुंचने का अनुमानित समय दिखाई देगा, जबकि मैप के इंटरफेस से मैप लेबलिंग और अन्य बटन हट जाएंगे। कंपनी का मानना है कि इस फीचर से फोन की बैटरी लाइफ बढ़ जाएगी और नेविगेशन भी बहुत सरल हो जाएगा।
कंपनी ने बताया कि यह फीचर डिफॉल्ट रूप से बंद रहेगा। इस फंक्शन का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को इसे ऑन करना पड़ेगा। इसके लिए फोन के पावर बटन को प्रेस करना होगा। इसके बाद फीचर ऑन हो जाएगा। वहीं, इसे बंद करने के लिए दोबारा पावर बटन दबाना होगा या स्क्रीन पर टैप करना होगा।
कौन कर पाएगा इस्तेमाल ?
गूगल मैप्स के नए फीचर पावर-सेविंग मोड का सपोर्ट सबसे पहले Google Pixel 10 Series में मिलेगा। इसका मतलब है कि Google Pixel 10, Pixel 10 Pro, Pixel 10 Pro XL और Pixel 10 Pro Fold के यूजर्स नई सुविधा का उपयोग कर पाएंगे।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गूगल मैप्स के पावर-सेविंग मोड की टेस्टिंग पिछले महीने यानी अक्टूबर में शुरू हुई थी। उस वक्त फीचर को टेस्टिंग के लिए कुछ बीटा यूजर्स के लिए रोलआउट किया गया था। हालांकि, अब यह फीचर आधिकारिक तौर पर रिलीज हो गया है। इसको पिक्सल सीरीज के यूजर्स के लिए रोलआउट करना शुरू कर दिया गया है।
टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।