YouTube जल्द कर सकता है बड़ा बदलाव, हर सब्सक्राइबर को नहीं मिलेंगे नोटिफिकेशन

YouTube अपने नोटिफिकेशन सिस्टम में बड़ा बदलाव टेस्ट कर रहा है। अब अगर यूजर किसी चैनल को 'All' पर सेट करने के बाद भी उसके वीडियो नियमित नहीं देखता, तो उसके फोन पर पुश नोटिफिकेशन बंद हो सकते हैं। आइए जानते हैं...

Published By: Ashutosh Ojha | Published: Feb 16, 2026, 11:09 AM (IST) | Edited: Feb 16, 2026, 11:10 AM (IST)

YouTube अपने यूजर्स के लिए नोटिफिकेशन सिस्टम में एक बड़ा बदलाव टेस्ट कर रहा है। कंपनी के मुताबिक, अब उन चैनलों से आने वाले पुश नोटिफिकेशन (फोन पर आने वाले अलर्ट) बंद किए जा सकते हैं, जिन्हें यूजर ने 'All' नोटिफिकेशन पर सेट तो किया है, लेकिन उनके वीडियो नियमित रूप से नहीं देखता यानी अगर आपने किसी चैनल को सब्सक्राइब किया है और सभी नोटिफिकेशन ऑन किए हैं, फिर भी अगर आप उसका कंटेंट अक्सर नहीं देखते, तो आपके फोन पर उसका पुश अलर्ट आना बंद हो सकता है। हालांकि ऐसे यूजर्स को पूरी तरह से अपडेट से बाहर नहीं किया जाएगा। उन्हें नए वीडियो की जानकारी YouTube के 'Subscriptions' टैब और ऐप के नोटिफिकेशन सेक्शन में मिलती रहेगी।

क्या एक्टिव यूजर्स को पहले जैसे ही नोटिफिकेशन मिलेंगे

9to5Google की रिपोर्ट के अनुसार, YouTube ने साफ किया है कि जो दर्शक किसी चैनल के साथ एक्टिव रूप से जुड़े रहते हैं, उन्हें 'All' सेटिंग पर सभी नोटिफिकेशन पहले की तरह मिलते रहेंगे। कंपनी का कहना है कि यह बदलाव उन क्रिएटर्स को प्रभावित नहीं करेगा जो कम वीडियो अपलोड करते हैं। दरअसल YouTube का मानना है कि बहुत ज्यादा नोटिफिकेशन मिलने से कई यूजर्स परेशान हो जाते हैं और फिर वे पूरे ऐप की नोटिफिकेशन ही बंद कर देते हैं। इससे उन दूसरे क्रिएटर्स को नुकसान होता है, जिनका कंटेंट यूजर्स देखना पसंद करते हैं। इस समस्या को कम करने के लिए यह नया प्रयोग किया जा रहा है।

क्यों कर रहा है YouTube यह बदलाव

YouTube के अनुसार ज्यादा वीडियो अपलोड होने से व्यूज बढ़ते हैं और इससे क्रिएटर्स को लगातार कंटेंट डालने की प्रेरणा मिलती है लेकिन जब हर चैनल से बार-बार अलर्ट आने लगते हैं तो यूजर्स को यह परेशान कर सकता है। ऐसे में वे किसी एक चैनल की जगह पूरे YouTube की नोटिफिकेशन ही ऑफ कर देते हैं। इससे प्लेटफॉर्म पर दूसरे क्रिएटर्स की पहुंच कम हो जाती है। कंपनी का कहना है कि यह टेस्ट इसी समस्या का समाधान खोजने के लिए किया जा रहा है ताकि यूजर्स को संतुलित अनुभव मिले और क्रिएटर्स भी अपनी ऑडियंस तक आसानी से पहुंच सकें।

यह प्रयोग नया नहीं है

YouTube इस फीचर पर पिछले साल मार्च से काम कर रहा है और संभव है कि यह पहले से ही कई अकाउंट्स पर लागू हो चुका हो। हाल ही में कंपनी ने इसकी जानकारी सार्वजनिक की है, जिससे संकेत मिलता है कि अब इस टेस्ट को और बड़े स्तर पर लागू किया जा सकता है अगर आप किसी चैनल को नियमित रूप से देखते हैं, तो आपके नोटिफिकेशन में कोई बदलाव नहीं होगा लेकिन अगर आप कई चैनलों को सब्सक्राइब करके उनके वीडियो नहीं देखते, तो हो सकता है कि आगे से आपके फोन पर उनके पुश नोटिफिकेशन कम दिखाई दें।

टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।