त्योहारों से पहले Swiggy और Zomato ने बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस, अब हर ऑर्डर पर खर्च करने होंगे इतने रुपये
त्योहारों में लोग खूब खाना ऑर्डर करते हैं, लेकिन अब जेब पर थोड़ा ज्यादा बोझ पड़ेगा। Swiggy और Zomato ने अपनी प्लेटफॉर्म फीस बढ़ा दी है। यानी हर ऑर्डर पर अब पहले से ज्यादा पैसे देने होंगे। आइए जानते हैं।
Published By: Ashutosh Ojha | Published: Sep 03, 2025, 11:28 PM (IST)
त्योहारों के मौसम में लोगों की खाने की डिमांड तेजी से बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए देश की दो सबसे बड़ी फूड डिलीवरी कंपनियां Swiggy और Zomato ने अपने प्लेटफॉर्म फीस में बढ़ोतरी कर दी है। यह प्लेटफॉर्म फीस वह अतिरिक्त शुल्क है, जो ग्राहक हर ऑर्डर पर देता है। यह फीस डिलीवरी चार्ज, रेस्टोरेंट चार्ज और GST से अलग होती है। Swiggy ने अब ऑर्डर पर 15 रुपये प्लेटफॉर्म फीस लेना शुरू कर दिया है, जो पहले 12 रुपये थी। वहीं Zomato ने भी अपनी फीस 2 रुपये बढ़ाकर 12 रुपये कर दी है।
कंपनियों की कमाई पर बड़ा असर
शुरुआत में ग्राहकों को यह बढ़ोतरी छोटी लग सकती है, लेकिन जब करोड़ों ऑर्डर्स पर इसकी गिनती होती है, तो कंपनियों की कमाई में बड़ा उछाल आता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Zomato रोज़ाना करीब 2.3 से 2.5 मिलियन (23–25 लाख) ऑर्डर पूरे करता है, जबकि Swiggy भी करीब 20 लाख ऑर्डर रोज डिलीवर करता है। इस हिसाब से सिर्फ प्लेटफॉर्म फीस से ही दोनों कंपनियां रोजाना लगभग 3 करोड़ रुपये कमा रही हैं। यही वजह है कि कंपनियां त्योहारों से पहले इन छोटे-छोटे बदलावों के जरिए अपनी आय बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं।
Swiggy की लगातार तीसरी बढ़ोतरी, Zomato का नया VIP Mode’
ध्यान देने वाली बात यह है कि यह Swiggy की लगातार तीसरी बार प्लेटफॉर्म फीस बढ़ोतरी है। स्वतंत्रता दिवस पर ऑर्डर्स की भीड़ को देखते हुए भी कंपनी ने कीमत बढ़ाई थी, फिर उसे वापस घटाकर 12 रुपये कर दिया था। वहीं दूसरी ओर Zomato धीरे-धीरे 2023 से अपनी फीस बढ़ाता आ रहा है। इसके साथ ही Zomato अब एक नया VIP Mode’ भी टेस्ट कर रहा है। इसमें ग्राहक 50 रुपये अतिरिक्त देकर तेज डिलीवरी और खास सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
Rapido का नया ऐप Ownly’ देगा टक्कर
इसी बीच फूड डिलीवरी मार्केट में नई चुनौती भी खड़ी हो गई है। बाइक टैक्सी सेवा देने वाली कंपनी Rapido ने हाल ही में अपना नया फूड डिलीवरी ऐप Ownly’ लॉन्च किया है। यह फिलहाल बेंगलुरु और आसपास के इलाकों में शुरू किया गया है। कंपनी का दावा है कि वह Swiggy और Zomato से 15 प्रतिशत सस्ती दरों पर खाना उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा यहां न प्लेटफॉर्म फीस होगी, न पैकेजिंग चार्ज और न ही छिपे हुए एक्स्ट्रा खर्च। चावल, अंडे जैसी बेसिक चीजें यहां 100 रुपये से कम कीमत में मिलेंगी। इस तरह Ownly ग्राहकों को किफायती ऑप्शन देने के साथ-साथ बड़ी कंपनियों के बिजनेस मॉडल को चुनौती दे सकता है।
टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।