PlayStation Plus हुआ महंगा, Sony ने कई देशों में बढ़ाई सब्सक्रिप्शन की कीमत
Sony ने एक बार फिर PlayStation Plus की कीमतें बढ़ाकर गेमर्स को बड़ा झटका दिया है। कंपनी का कहना है कि बढ़ते खर्च और बदलती मार्केट स्थिति की वजह से यह फैसला लिया गया है। आइए जानते हैं...
Published By: Ashutosh Ojha | Published: May 19, 2026, 10:33 AM (IST) | Edited: May 19, 2026, 12:00 PM (IST)
Sony ने अपने फेमस गेमिंग सब्सक्रिप्शन सर्विस PlayStation Plus की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने कहा है कि 'Ongoing Market Conditions' यानी लगातार बदलती मार्केट स्थिति और बढ़ते खर्चों की वजह से यह फैसला लिया गया है। नई कीमतें 20 मई से लागू होंगी और शुरुआत में यह बदलाव नए यूजर्स पर लागू होगा। PlayStation Plus Essential के 1 महीने वाले प्लान की कीमत अब 10.99 डॉलर कर दी गई है, जो पहले 9.99 डॉलर थी। वहीं 3 महीने वाला प्लान अब 27.99 डॉलर में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 24.99 डॉलर थी। इस खबर के बाद गेमिंग कम्युनिटी में काफी चर्चा शुरू हो गई है।
क्या पुराने यूजर्स पर भी पड़ेगा असर?
यूरोप और यूके में भी PlayStation Plus की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। यूरोप में अब मासिक प्लान की कीमत 9.99 यूरो और यूके में 7.99 पाउंड से शुरू होगी। वहीं 3 महीने वाले प्लान के लिए यूरोप में 27.99 यूरो और यूके में 21.99 पाउंड चुकाने होंगे। Sony का कहना है कि यह बदलाव फिलहाल सिर्फ नए सब्सक्राइबर्स के लिए लागू होगा। पुराने यूजर्स तब तक पुरानी कीमत पर सेवा लेते रहेंगे जब तक वे अपना सब्सक्रिप्शन बंद नहीं करते, प्लान अपग्रेड या डाउनग्रेड नहीं करते या किसी तरह का बदलाव नहीं करते। हालांकि कंपनी ने साफ किया है कि भारत और तुर्की के यूजर्स को यह छूट नहीं मिलेगी, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि इन देशों में मौजूदा ग्राहकों पर भी नई कीमतें लागू हो सकती हैं।
Sony के फैसले पर गेमर्स क्यों हुए नाराज?
Sony के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर कई गेमर्स नाराज दिखाई दिए। कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि ऑनलाइन मल्टीप्लेयर गेम खेलने के लिए अलग से पैसे क्यों देने पड़ते हैं। वहीं कुछ लोगों ने Microsoft का उदाहरण देते हुए कहा कि Microsoft ने हाल ही में कुछ देशों में Xbox Game Pass की कीमतें कम की थीं, जबकि Sony लगातार दाम बढ़ा रही है। कई गेमर्स का मानना है कि लगातार बढ़ती सब्सक्रिप्शन फीस की वजह से गेमिंग पहले के मुकाबले ज्यादा महंगी होती जा रही है, फिलहाल Sony ने यह साफ नहीं किया है कि भविष्य में PlayStation Plus Extra और Deluxe जैसे बड़े प्लान्स की कीमतों में भी बदलाव होगा या नहीं, लेकिन पिछले कुछ महीनों में गेमिंग इंडस्ट्री में हार्डवेयर, गेम्स और सब्सक्रिप्शन सर्विसेज की कीमतें लगातार बढ़ी हैं, जिससे यह संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले समय में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।