क्या Google सच में हुआ डाउन? कुछ लोगों को Search पर दिखा ‘Server Error’
सोमवार सुबह अचानक Google Search और दूसरी सेवाओं में आई दिक्कत ने भारत में हजारों यूजर्स को परेशान कर दिया। कई लोगों को ‘Server Error’ मैसेज दिखाई दिया, जबकि कुछ यूजर्स के लिए वेबसाइट बहुत धीमी चल रही थी। कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर #GoogleDown ट्रेंड करने लगा और लोगों ने अपनी शिकायतें शेयर करनी शुरू कर दीं।
Published By: Ashutosh Ojha | Published: May 12, 2026, 11:06 AM (IST) | Edited: May 12, 2026, 11:27 AM (IST)
सोमवार सुबह भारत में अचानक Google की कई सेवाएं ठप पड़ गईं, जिससे हजारों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने शिकायत की कि Google Search सही से काम नहीं कर रहा था और स्क्रीन पर बार-बार Server Error’ मैसेज दिखाई दे रहा था। कई यूजर्स वेबसाइट खोलने की कोशिश करते रहे, लेकिन पेज या तो लोड नहीं हो रहे थे या फिर बहुत धीमी स्पीड से खुल रहे थे। दुनिया के सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले सर्च प्लेटफॉर्म में आई इस दिक्कत ने कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी और लोग लगातार अपनी समस्याएं शेयर करने लगे।
Downdetector पर कितनी शिकायतें आईं?
आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट Downdetector पर भी शिकायतों की बाढ़ आ गई। शुरुआती रिपोर्ट्स में 200 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हुईं, लेकिन कुछ ही देर में यह संख्या तेजी से बढ़ने लगी। सुबह करीब 10:23 बजे तक शिकायतों का आंकड़ा 3300 के पार पहुंच गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक लगभग 57% यूजर्स को Google Search इस्तेमाल करने में दिक्कत हुई, जबकि 28% लोगों ने बताया कि वेब कंटेंट सही तरीके से लोड नहीं हो रहा था। इसके अलावा करीब 11% यूजर्स को वेबसाइट की ओवरऑल फंक्शनिंग में परेशानी आई। इससे साफ संकेत मिला कि यह केवल इंटरनेट या ब्राउजर की सामान्य समस्या नहीं थी।
इस आउटेज की वजह से क्या-क्या परेशानी आई?
इस आउटेज का असर सभी यूजर्स पर एक जैसा नहीं दिखा। कुछ लोग Google Search को पूरी तरह एक्सेस नहीं कर पा रहे थे, जबकि कुछ यूजर्स के लिए वेबसाइट खुल तो रही थी लेकिन रिजल्ट लोड होने में काफी समय लग रहा था। कई लोगों ने बताया कि Search करने के बाद स्क्रीन खाली रह जा रही थी या Error मैसेज दिखाई दे रहा था। यही वजह रही कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 'Google Down' तेजी से ट्रेंड करने लगा। यूजर्स ने X और बाकी प्लेटफॉर्म्स पर मीम्स और पोस्ट शेयर करते हुए अपनी नाराजगी और हैरानी जाहिर की।
क्या अभी भी Google सर्विस आउटेज है?
हालांकि कुछ समय बाद सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य होती दिखाई दीं, लेकिन Google की तरफ से शुरुआत में इस आउटेज को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह तकनीकी खराबी कितनी देर तक रही और इसकी असली वजह क्या थी।
टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।