BSNL का नया Kavach फीचर लॉन्च, जानें ये क्या है और कैसे करें एक्टिवेट, मिलेंगे फायदें ही फायदें

BSNL ने यूजर्स की प्राइवेसी को सुरक्षित रखने के लिए नया ‘BSNL Kavach’ फीचर लॉन्च किया है। इस फीचर की मदद से लोग अपना असली मोबाइल नंबर छिपाकर रिचार्ज और दूसरे काम कर सकेंगे। आइए जानते हैं...

Published By: Ashutosh Ojha | Published: May 13, 2026, 01:04 PM (IST)

BSNL ने यूजर्स की प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए एक नया फीचर 'BSNL Kavach' लॉन्च किया है। यह खासतौर पर महिलाओं की सुरक्षा और निजी जानकारी को सुरक्षित रखने के लिए तैयार किया गया है। इस फीचर की मदद से यूजर्स अब अपना असली मोबाइल नंबर बताए बिना फोन रिचार्ज और दूसरे काम कर सकेंगे। और पढें: BSNL ने कमाल का फीचर किया लॉन्च, अब महिलाएं कर सकती हैं रिचार्ज बिना नंबर बताए, जानिए कैसे

मोबाइल नंबर शेयर करना कितना खतरनाक हो सकता है?

आज के समय में कुछ लोग अब भी लोकल दुकानों या थर्ड-पार्टी एजेंट्स से मोबाइल रिचार्ज करवाते हैं। ऐसे में उन्हें अपना निजी मोबाइल नंबर शेयर करना पड़ता है, जिससे कभी-कभी अनचाहे कॉल्स या डेटा के गलत इस्तेमाल का खतरा बढ़ जाता है। BSNL Kavach इसी परेशानी का समाधान लेकर आया है। यह फीचर यूजर को एक अस्थायी यानी Virtual Mobile Number देता है, जिसे वे जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे असली नंबर पूरी तरह छिपा रहता है।

BSNL Kavach यूजर्स की प्राइवेसी को कैसे बचाता है?

BSNL Kavach असल में एक 10 अंकों का वर्चुअल नंबर है, जो यूजर के मुख्य BSNL नंबर से जुड़ा रहता है। जब भी यूजर किसी दुकान या व्यक्ति को रिचार्ज के लिए नंबर देता है, तो वह अपना असली नंबर देने के बजाय यही Kavach नंबर इस्तेमाल कर सकता है। खास बात यह है कि रिचार्ज सीधे यूजर के असली BSNL अकाउंट में ही जुड़ जाएगा। यानी काम भी हो जाएगा और प्राइवेसी भी सुरक्षित रहेगी।

BSNL Kavach को एक्टिवेट कैसे किया जा सकता है?

इस फीचर को एक्टिवेट करना भी काफी आसान है। यूजर्स BSNL SelfCare App के जरिए Kavach नंबर प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए ऐप डाउनलोड करके लॉगिन करना होगा और फिर Kavach सेवा के लिए आवेदन करना होगा। इसके अलावा BSNL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी यह सुविधा ली जा सकती है। अगर कोई ऑनलाइन प्रक्रिया नहीं करना चाहता, तो वह BSNL Customer Care पर कॉल करके भी अपना वर्चुअल नंबर एक्टिवेट करवा सकता है। वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद यूजर को SMS के जरिए उसका Kavach नंबर भेज दिया जाएगा।

महिलाओं के लिए यह फीचर कितना फायदेमंद है?

BSNL का मानना है कि यह फीचर खासतौर पर महिलाओं के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। कई बार लोकल दुकानों पर नंबर शेयर करने के बाद अनचाहे कॉल्स या मैसेज आने लगते हैं। Kavach ऐसे मामलों में सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत देता है, हालांकि यह सेवा फिलहाल महिलाओं को ध्यान में रखकर पेश की गई है, लेकिन इसका फायदा हर वह व्यक्ति उठा सकता है जो अपनी मोबाइल प्राइवेसी को सुरक्षित रखना चाहता है।

क्या BSNL Kavach भविष्य में बड़ा प्राइवेसी टूल बन सकता है?

फिलहाल कंपनी ने यह साफ नहीं किया है कि BSNL Kavach सेवा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा या नहीं, लेकिन अगर यह फीचर मुफ्त या कम कीमत में उपलब्ध कराया जाता है, तो यह यूजर्स के बीच काफी फेमस हो सकता है। डिजिटल फ्रॉड और डेटा लीक के बढ़ते मामलों के बीच BSNL Kavach जैसे फीचर्स लोगों को अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखने में बड़ी मदद दे सकते हैं।

टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।