iPhone यूजर्स के लिए बड़ी खबर, Fortnite गेम फिर App Store पर आया
Fortnite अब फिर से iPhone और iPad यूजर्स के लिए App Store पर लौट आया है। साल 2020 में Apple और Epic Games के बीच पेमेंट सिस्टम को लेकर शुरू हुआ विवाद कई साल तक चला। अब कानूनी लड़ाई और बढ़ते रेगुलेटरी दबाव के बाद यूजर्स दोबारा Apple डिवाइस पर यह गेम खेल सकेंगे। आइए जानते हैं...
Published By: Ashutosh Ojha | Published: May 20, 2026, 05:59 PM (IST)
Fortnite अब एक बार फिर दुनिया भर के iPhone और iPad यूजर्स के लिए वापस आ गया है। करीब कई सालों तक App Store से गायब रहने के बाद अब यूज़र्स दोबारा इस गेम को Apple डिवाइस पर डाउनलोड और खेल सकेंगे। साल 2020 में Apple ने Fortnite को अपने App Store से हटा दिया था क्योंकि गेम बनाने वाली कंपनी Epic Games ने गेम के अंदर अपना अलग पेमेंट सिस्टम जोड़ दिया था। Apple का कहना था कि यह App Store के नियमों का उल्लंघन है क्योंकि कंपनी चाहती है कि सभी इन-ऐप पेमेंट्स उसी के सिस्टम के जरिए हों। इसी मुद्दे ने दोनों कंपनियों के बीच बड़ी कानूनी लड़ाई की शुरुआत कर दी थी।
Apple और Epic Games के बीच विवाद आखिर क्यों शुरू हुआ?
इस विवाद के बाद Apple और Epic Games के बीच कई साल तक कोर्ट में मामला चलता रहा। Epic Games लगातार Apple पर आरोप लगाती रही कि कंपनी App Store पर बहुत ज्यादा नियंत्रण रखती है और डेवलपर्स से भारी कमीशन वसूलती है। दूसरी तरफ Apple का कहना था कि उसके नियम सभी ऐप डेवलपर्स पर बराबरी से लागू होते हैं और इससे यूजर्स की सुरक्षा बनी रहती है। इस कानूनी लड़ाई ने सिर्फ Fortnite को ही नहीं बल्कि पूरी ऐप इंडस्ट्री को प्रभावित किया। दुनिया भर में यह बहस शुरू हो गई कि क्या बड़ी टेक कंपनियों को ऐप स्टोर और पेमेंट सिस्टम पर इतना ज्यादा कंट्रोल होना चाहिए। कई डेवलपर्स ने भी Epic का समर्थन किया।
किस वजह से Apple को बदलना पड़ा ये फैसला?
Epic Games का कहना है कि Fortnite की वापसी के पीछे कई देशों का बढ़ता दबाव भी एक बड़ी वजह है। यूरोपियन यूनियन, जापान और ब्रिटेन जैसे देशों में सरकारें अब Apple की App Store नीतियों और कमीशन सिस्टम की जांच कर रही हैं। रेगुलेटर्स यह देख रहे हैं कि क्या Apple डेवलपर्स के लिए निष्पक्ष माहौल बना रहा है या नहीं। इसी दबाव के बीच अब Fortnite फिर से iOS डिवाइस पर लौट आया है। हालांकि अभी भी ऑस्ट्रेलिया के App Store में यह गेम उपलब्ध नहीं है क्योंकि वहां कानूनी प्रक्रिया जारी है। Epic Games ने यह भी कहा कि डेवलपर्स को थर्ड पार्टी ऐप स्टोर और ऑप्शन पेमेंट सिस्टम इस्तेमाल करने की ज्यादा आजादी मिलनी चाहिए।
किन Apple डिवाइस में अब Fortnite खेल सकेंगे यूजर्स?
अब Fortnite कई नए Apple डिवाइस पर सपोर्ट करेगा। Epic Games के मुताबिक iPhone 11 सीरीज और उसके बाद आने वाले मॉडल्स में यह गेम आसानी से चलेगा। इसके अलावा नए iPhone SE मॉडल्स भी सपोर्टेड हैं। iPad यूजर्स के लिए iPad Pro, iPad Air 4th Gen और उसके बाद के मॉडल्स के साथ iPad mini 6 और नए वर्जन में भी गेम उपलब्ध होगा। इससे पहले यह गेम Android यूजर्स के लिए भी Google Play Store पर वापस आ चुका है।
टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।