WhatsApp सिर्फ iPhone यूजर्स के लिए टेस्ट कर रहा है ये खास फीचर, पढ़ते ही गायब हो जाएंगे मैसेज
WhatsApp अब iPhone यूजर्स के लिए एक नया प्राइवेसी फीचर टेस्ट कर रहा है, जिसमें मैसेज पढ़ने के कुछ समय बाद अपने आप गायब हो जाएंगे। ‘After Reading’ Mode नाम का यह फीचर फिलहाल iOS बीटा यूजर्स को मिला है और इससे यूजर्स को चैट पर पहले से ज्यादा कंट्रोल और प्राइवेसी मिलेगी। आइए जानते हैं...
Published By: Ashutosh Ojha | Published: May 18, 2026, 11:28 AM (IST)
WhatsApp एक बार फिर यूजर्स की प्राइवेसी को और बेहतर बनाने की तैयारी में है। कंपनी iPhone यूजर्स के लिए एक नया Disappearing Messages फीचर टेस्ट कर रही है, जिसका नाम 'After Reading' Mode बताया जा रहा है। इस फीचर के तहत मैसेज पढ़ने के बाद अपने आप डिलीट हो जाएंगे। अभी तक WhatsApp में Disappearing Messages के लिए 24 घंटे, 7 दिन और 90 दिन जैसे टाइमर मिलते हैं, लेकिन नया फीचर पुराने सिस्टम से थोड़ा अलग तरीके से काम करेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फीचर फिलहाल कुछ iOS बीटा यूजर्स को Apple के TestFlight प्रोग्राम के जरिए दिया गया है। फीचर ट्रैकर WABetaInfo ने इसकी जानकारी शेयर की है।
'After Reading' Mode आखिर काम कैसे करेगा?
नए फीचर की सबसे खास बात यह है कि मैसेज डिलीट होने का टाइमर भेजते ही शुरू नहीं होगा। अभी तक Disappearing Messages में जैसे ही मैसेज भेजा जाता है, उसी समय से उसका टाइमर चलने लगता है। लेकिन 'After Reading' Mode में ऐसा नहीं होगा। इसमें मैसेज तब तक चैट में मौजूद रहेगा जब तक सामने वाला व्यक्ति उसे खोलकर पढ़ नहीं लेता, जैसे ही मैसेज पढ़ा जाएगा, उसके बाद तय समय का काउंटडाउन शुरू हो जाएगा और फिर मैसेज अपने आप हट जाएगा। उदाहरण के तौर पर अगर किसी ने 5 मिनट का टाइमर चुना है, तो मैसेज पढ़ने के 5 मिनट बाद वह पूरी तरह डिलीट हो जाएगा।
यूजर्स को कौन-कौन से टाइमर ऑप्शन मिल सकते हैं?
रिपोर्ट के अनुसार WhatsApp इस फीचर में कई टाइमर ऑप्शन टेस्ट कर रहा है। यूजर्स को 5 मिनट, 1 घंटा और 12 घंटे जैसे ऑप्शन मिल सकते हैं। हालांकि कंपनी ने एक और सुरक्षा नियम भी रखा है। अगर सामने वाला व्यक्ति मैसेज को कभी खोलता ही नहीं है, तब भी वह मैसेज 24 घंटे बाद अपने आप डिलीट हो जाएगा। यानी अनरीड मैसेज हमेशा के लिए चैट में नहीं पड़े रहेंगे। यह फीचर पूरी तरह ऑप्शनल होगा और इसे यूजर्स को खुद ऑन करना पड़ेगा। खास बात यह है कि इसे हर चैट के हिसाब से अलग-अलग इस्तेमाल किया जा सकेगा। यानी आप चाहें तो किसी खास चैट में इसे ऑन कर सकते हैं और बाकी चैट्स में सामान्य सेटिंग रख सकते हैं।
सभी यूजर्स के लिए कब आएगा WhatsApp का ये फीचर?
पिछले कुछ सालों में WhatsApp लगातार प्राइवेसी फीचर्स पर ज्यादा ध्यान दे रहा है। View Once फोटो और वीडियो, Chat Lock, स्क्रीनशॉट ब्लॉकिंग और Disappearing Messages जैसे फीचर्स पहले ही ऐप में जोड़े जा चुके हैं। नया 'After Reading' फीचर भी इसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। फिलहाल यह फीचर केवल कुछ iOS बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध है और रिपोर्ट्स के मुताबिक यह WhatsApp beta for iOS version 26.19.10.72 में देखा गया है। कंपनी ने अभी इसे ग्लोबल पेश करने की घोषणा नहीं की है, लेकिन आने वाले हफ्तों में इसे ज्यादा यूजर्स के लिए टेस्ट किया जा सकता है।
टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल की लेटेस्ट खबरों के लिए आप हमें व्हाट्सऐप चैनल, फेसबुक, यूट्यूब और X, पर फॉलो करें।