Written By Ashutosh Ojha
Published By: Ashutosh Ojha | Published: Mar 11, 2026, 12:23 PM (IST)
Adobe ने अपने इमेज एडिटिंग सॉफ्टवेयर Adobe Photoshop में एक बड़ा AI अपडेट जारी किया है। कंपनी ने घोषणा की है कि अब Photoshop में नया AI Assistant पब्लिक बीटा वर्जन में यूजर्स के लिए उपलब्ध कर दिया गया है। यह फीचर यूजर्स को फोटो एडिटिंग को पहले से कहीं ज्यादा आसान और स्मार्ट बनाने में मदद करेगा। खास बात यह है कि इस AI टूल को यूजर्स वेब ब्राउजर, मोबाइल ऐप और Adobe Firefly के जरिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं। कंपनी ने इस फीचर की पहली झलक अपने क्रिएटिविटी कॉन्फ्रेंस Adobe Max 2025 के दौरान दिखाई थी, जहां कई नए AI टूल्स का ऐलान किया गया था। अब इसका पब्लिक बीटा जारी होने के बाद आम यूजर्स भी इन स्मार्ट फीचर्स को आजमा सकते हैं।
Photoshop में आया नया AI Assistant यूजर्स को सिर्फ टेक्स्ट लिखकर फोटो एडिट करने की सुविधा देता है, यानी अब मुश्किल टूल्स सीखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उदाहरण के लिए, अगर किसी फोटो में अनचाही चीज दिखाई दे रही है तो यूजर सिर्फ लिखकर AI को बता सकता है कि उसे हटाना है। AI अपने आप उस हिस्से को एडिट कर देगा। इसी तरह यूजर्स फोटो का बैकग्राउंड बदल सकते हैं, लाइटिंग को बेहतर कर सकते हैं और कलर, कॉन्ट्रास्ट या सैचुरेशन भी आसानी से एडजस्ट कर सकते हैं। Adobe का कहना है कि यह AI असिस्टेंट फोटो में जरूरी बदलाव अपने आप कर सकता है, लेकिन अगर यूजर खुद एडिटिंग सीखना चाहता है तो यह टूल उसे स्टेप-बाय-स्टेप गाइड भी दे सकता है। इससे नए यूजर्स के लिए Photoshop सीखना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा।
Photoshop के वेब वर्जन में कंपनी ने एक और नया फीचर जोड़ा है जिसे AI Markup कहा जा रहा है। यह फीचर फोटो के किसी खास हिस्से को चुनकर उसे अलग से एडिट करने की सुविधा देता है। उदाहरण के तौर पर अगर किसी तस्वीर में एक बॉल है और यूजर उसका कलर बदलना चाहता है, तो वह सिर्फ उस बॉल को सिलेक्ट कर सकता है और AI को लिखकर बता सकता है कि उसका कलर बदलना है। इसके बाद AI उसी हिस्से में बदलाव कर देगा, जबकि बाकी तस्वीर पहले जैसी ही रहेगी। इस तरह यूजर्स को फोटो एडिटिंग में ज्यादा कंट्रोल मिलता है और कम समय में बेहतर रिजल्ट मिल सकता है।
AI Assistant के साथ-साथ Adobe ने Firefly Image Editor में भी कई नए टूल्स जोड़े हैं। इनमें Generative Fill, Generative Remove, Generative Expand, Generative Upscale और Remove Background जैसे फीचर शामिल हैं। Generative Fill की मदद से यूजर्स फोटो में नए ऑब्जेक्ट जोड़ सकते हैं, किसी चीज को बदल सकते हैं या इमेज को और बेहतर बना सकते हैं, वहीं Generative Remove टूल फोटो से किसी भी अनचाही चीज को हटाने में मदद करता है। Remove Background फीचर से फोटो का बैकग्राउंड कुछ ही सेकंड में हटाया जा सकता है। Adobe ने बताया कि ये सभी नए टूल्स दुनियाभर के यूजर्स के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कंपनी का मानना है कि इन AI फीचर्स की मदद से क्रिएटर्स, डिजाइनर्स और आम यूजर्स भी बिना ज्यादा तकनीकी जानकारी के शानदार इमेज एडिटिंग कर पाएंगे।